मुंबई:शहर की आबोहवा में घुली गरमाहट और बढ़ने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं। मुंबई और महाराष्ट्र में आने वाले समय में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग द्वारा दी गई चेतावनी के मुताबिक अगले कुछ दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक ऊपर जा सकता है। डॉक्टरों ने बढ़ती गर्मी से बचने की सलाह देते हुए कहा है कि लोग धूप में निकलने से बचें। अधिक पानी पिएं और लू के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी डॉक्टर से मिलें।
इसके अलावा विदर्भ, मराठवाडा और खानदेश के लोगों से मौसम विभाग ने विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। शुक्रवार को मुंबई का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके अगले दो दिनों में 2 से 3 डिग्री और बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।
मौसम विभाग ने संभावना व्यक्त की है कि राज्य में 25 मई तक अधिकतम तापमान औसत की अपेक्षा अधिक हो सकता है। 18 मई से 21 मई के बीच मुंबई का अधिकतम तापमान बढ़ सकता है। विदर्भ के अकोला, नागपुर और वर्धा जिलों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री और चंद्रपुर जिले में अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक जा सकता है।
गर्मी की मार से मराठवाडा और खानदेश में अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान मौसम विशेषज्ञों ने लगाया है। धुले, जलगांव, नांदेड और परभणी जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक जाने की संभावना व्यक्त की है। मौसम की मार से मुंबई भी अछूता नहीं रहेगा। 18 मई से 21 मई के बीच अधिकतम तापमान बढ़ने की संभावना है।
मुंबई में अगले 2-3 दिन में बढ़ेगी तपिश
Leave a comment
Leave a comment