जकार्ता:भारत की पीवी सिंधु, साइना नेहवाल और किदाम्बी श्रीकांत की तिकड़ी ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को सीधे गेम में पस्त कर इंडोनेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। दूसरी वरीय सिंधु ने स्थानीय खिलाड़ी ग्रेगोरिया मारिस्का टी को 37 मिनट में 23-21, 21-7 से हराया। लंदन ओलंपिक खेलों की कांस्य पदकधारी साइना नेहवाल ने भी इंडोनेशिया की फितरियानी फितरियानी पर 21-17, 21-15 से जीत दर्ज कर अंतिम आठ में जगह बनाई। साइना की यह फितरियानी पर पांचवीं जीत है। आठवीं वरीयता प्राप्त किदाम्बी श्रीकांत ने एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता केंटा निशिमोतो को 21-14, 21-9 से मात दी।
पिछले सप्ताह मलेशिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे श्रीकांत का सामना इंडोनेशिया के एशियाई खेल चैम्पियन जोनाथन क्रिस्टी या चीन के आल इंग्लैंड चैम्पियन शि यूकी से होगा। मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की पुरूष युगल जोड़ी किम अस्ट्रूप और एंडर्स स्कारूप रासमुसेन की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी से 14-21, 21-17, 10-21 से हार गई। पहले मैच में पूर्व ओलंपिक चैम्पियन लि शूरूइ को हराने वाली सिंधु ने अपनी विरोधी के खिलाफ 5-0 का रिकार्ड बरकरार रखा। वहीं पिछली बार इस जापानी खिलाड़ी से हारे श्रीकांत ने शुरूआत में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए दोनों गेम आसानी से जीते।
इंडोनेशिया मास्टर्स: पीवी सिंधु, साइना नेहवाल और किदांबी श्रीकांत क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
Leave a comment
Leave a comment