मुंबई :जलोटा वैलफेयर फ़ाउंडेशन का ११ वां ग्लोरी अवॉर्ड समारोह गुरूवार १७ जनवरी की शाम ७ बजे मुम्बई के नेहरू सेंटर में संपन्न हुआ। भजन सम्राट पद्मश्री पुरुषोत्तम दास जलोटा संगीत सेवा पुरस्कार प्रख्यात शास्त्रीय गायक पद्मभूषण पंडित राजन-साजन मिश्र को, भजन महर्षि हरिओम शरण भक्तिसंगीत पुरस्कार प्रसिद्ध भजन गायक शर्मा बंधु को, पद्मश्री डा. रवींद्र जैन बहुमुखी प्रतिभा पुरस्कार लोकप्रिय पार्श्वगायक पद्मभूषण श्री उदित नारायण को, और श्रीमती मेधा जलोटा उदयोन्मुखी नृत्यांगना पुरस्कार सुश्री प्रतीक्षा काशी को प्रदान किया गया। हिंदूजा फाउंडेशन,दिलीप पीरामल, कमलेश सोनावाला, राजेश कापड़िया,अर्पण फाउंडेशन, एफ इ आई कार्गो लिमिटेड, वासु श्रॉफ, रानी पोदार,रीना मेहता और रेखा मोहता द्वारा प्रायोजित, भजन सम्राट पद्मश्री डा. अनूप जलोटा और अनिल जलोटा द्वारा आयोजित वार्षिक पुरस्कार समारोह में वरिष्ठ फोटोग्राफर और पत्रकार श्री सुरेश जेठवा को सम्मानित भी किया गया। स्वयं अनूप जलोटा के अतिरिक्त गुरुकुल जलोटा के शिष्यगण संगीता पात्रा, कुमार सत्यम एवं एल. नितेश, अमित भारती, संजना ठाकुर और नेहा रिज़वी ने भक्ति गीत प्रस्तुत किये। तथास्तु इवेंट कंपनी के प्रमुख भरत ओझा की देखरेख में आयोजित समारोह में वादक कलाकार देवेंद्र भारती, सुबूर खान, करण नागपाल, मोहम्मद राशिद खां, रत्नेश मिश्र, ज़ूबेर वारसी और देवेन पंड्या ने गायकों का साथ दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन किशन शर्मा ने किया।