नई दिल्ली:उत्तर भारत समेत कश्मीर घाटी एक बार फिर शीत लहर की चपेट में है। घाटी के ज्यादातर जगहों पर पारा जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। प्रदेश में करगिल सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 18.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात को भी बर्फबारी हो सकती है। अधिकारी ने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान मौसम का खराब होने से घाटी का अन्य हिस्सों से संपर्क कट सकता है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के साथ ही चलने वाली पश्चिमोत्तर हवाओं के कारण शुक्रवार को शहर में लोगों की कंपकंपी छूट गयी। दिनभर बादलों की लुकाछिपी ने ठिठुरन और बढ़ा दी। शहर का न्यूनतम तापमान गुरुवार से तीन डिग्री कमी के साथ 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जो पिछले नौ सालों में सबसे कम है। गुरुवार को न्यूनतम पारा 4.5 रहा था।
दिल्ली में दिन में बढ़ेगी ठंड, रातें गर्म होगी
दिल्ली में पश्चिमी विक्षोप ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। इस कारण जहां दिन में ठंड बढ़ी है तो रातें पिछले दिनों की तुलना में गर्म होने लगी है। शुक्रवार को दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहे। जिस वजह से अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य तापमान से 1 डिग्री नीचे है। वहीं दिसम्बर में सामान्य से 4 तक नीचे दर्ज किया जा रहा दिल्ली का तापमान शुक्रवार को जनवरी में रहने वाले सामान्य तापमान 7.4 डिग्री के बराबर ही दर्ज किया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री तक नीचे जाने व न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री ऊपर जाने का पूर्वानुमान जारी किया है।
बिहार: पश्चिमी विक्षोभ का असर, कल से होगी बूंदाबांदी
मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। शुक्रवार को पटना के आसमान में धुंध की स्थिति बनी रही। सुबह आठ बजे तक विजिबिलिटी आठ सौ मीटर की रही। हालांकि इसके बाद स्थिति में तेजी से सुधार हुआ। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक छह और सात जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव सूबे के मौसम पर पड़ेगा। आसमान में आंशिक बादल छाये रहेंगे और कुछ जगहों पर आंशिक बूंदाबांदी होगी। मौसमविदों के मुताबिक अभी दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
उत्तराखंड: हल्द्वानी में बादलों की लुकाछिपी ने बढ़ाई कंपकंपी
शुक्रवार सुबह से शाम तक बादलों की लुकाछिपी का खेल चलता रहा। कभी सूर्य देवता नजर आये तो कभी बादलों ने पूरे आसमान को अपनी आगोश में ले लिया। दिनभर चलती ठंडी हवाओं से गिरे पारे के कारण लोग ठिठुरते नजर आये। मौसम के इस मिजाज ने पिछले दस सालों में नये साल की चार जनवरी को सबसे ठंडा बना दिया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार नौ सालों में 2011 में न्यूनतम पारा 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को यह 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इधर, पंतनगर मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर आरके सिंह ने कहा कि शनिवार (आज) तराई-भाबर में घना कोहरा छाने के साथ अगले दो दिनों मौसम खराब होगा। पहाड़ों में एक से दो मिमी. बारिश और मैदानों में 10-12 मिमी. वर्षा के साथ मौसम में सर्दी का सितम और बढ़ेगा।
पिछले नौ सालों में चार जनवरी का अधिकतम/न्यूनतम पारा
2011 13.5/2.4
2012 15.6/10.3
2013 9.0/4.9
2014 12.0/3.5
2015 19.0/13.4
2016 22.3/5.9
2017 20.5/8.0
2018 11.0/9.5
2019 18.5/1.5
करगिल और लेह सबसे ठंडा
करगिल – 18.6 डिग्री सेल्सियस
लेह -14.5 डिग्री सेल्सियस
गुलमर्ग -10 डिग्री सेल्सियस
पहलगाम -6.8 डिग्री सेल्सियस
श्रीनगर -3.2 डिग्री सेल्सियस
हिमाचल प्रदेश में नारंगी चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 4 से 6 जनवरी तक भारी बर्फबारी और बारिश की नारंगी चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने कहा कि लाहौल और स्पीति जिले के प्रशासनिक केंद्र केलांग राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है जहां शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक न्यूनतम तापमान शून्य से 10.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं मनाली में शून्य से नीचे 3.2 डिग्री सेल्सियस, कुफरी और भुंतर में शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य में आठ जनवरी से कुछ स्थानों पर वर्षा होने की भी संभावना जताई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पर्यटकों और आम जनता से आने वाले दिनों में ऊंचाई वाले स्थानों पर जाने से परहेज करने की सलाह दी गई है।
पंजाब और हरियाणा में ठंड का प्रकोप जारी
पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर इलाकों में ठंड का प्रकोप शुक्रवार को भी जारी रहा और आदमपुर में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जो दोनों राज्यों के भी किसी इलाके का सबसे कम तापमान है। वहीं अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पठानकोट में भी पारा लुढ़ककर 3.3 डिग्री सेल्सियस तक चला गया है। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है जहां तापमान गिरकर 5.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि शु्क्रवार सुबह धुंध की वजह से अमृतसर, बठिंडा, फरीदकोट, गुरदासपुर, अंबाला, हिसार, करनाल और भिवानी समेत कई इलाकों शहरों में दृष्यता में कमी आई है।