आगरा:यूपी आगरा के लालऊ इलाके में पेट्रोल डालकर जिंदा जलाई गई संजलि की हत्या के बाद भी पुलिस की नींद नहीं टूटी है। बुधवार को बरहन क्षेत्र में मनचलों ने दुस्साहस की सीमाएं तोड़ डालीं। कॉलेज में घुसकर छात्राओं के साथ हददर्जे की बदसलूकी की।
घटना बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे की है। बरहन क्षेत्र के इंटर कॉलेज में 12वीं की छात्राओं ने पुलिस को बताया कि, कॉलेज आते वक्त तीन शोहदे उनका बाइक से पीछा करते हैं। छेड़छाड़ करते हैं। बुधवार सुबह भी तीनों ने पीछा किया। छात्राएं क्लास में चली गईं तो कुछ देर बाद तीनों बाइक लेकर भीतर घुस आए। क्लास में अंदर पहुंच गए। उन्हें देख छात्राएं सहम गईं। मनचले एक छात्रा से बात करने लगे। विरोध किया, तो उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। जब दूसरी छात्रा ने विरोध किया तो दबंग मनचलों ने उसके साथ भी हद दर्जे की बदसलूकी कर डाली।
छत से कूदकर भागे, मनचलों की बाइक जब्त-
मनचलों को क्लास में देख छात्राओं ने शोर मचा दिया।शोर सुनकर एक शिक्षक क्लास में पहुंचे। उन्होंने विरोध किया तो मनचलों ने गाली-गलौज करते हुए पीटते हुए सिर फोड़ डाला। हंगामा होते देख अन्य शिक्षक पहुंच गए। शिक्षकों को जुटते देख तीनों भागने लगे। पकड़ने पर एक मनचला धक्का देकर छत से कूदकर भाग गया। बाद में पहुंची पुलिस ने मनचलों की बाइक कालेज परसिर से जब्त कर ली।