गुवाहाटी:भारत और म्यांमार ने अपने सैन्य संबंध बढ़ाने के लिए खास तरीका अपनाया है। दोनों देशों की सेनाओं से जुड़े अधिकारियों और जवानों के 60-60 जोड़ों ने एक-दूसरे के देश में सद्भावना यात्रा की। ये यात्राएं 23 से 25 दिसंबर के बीच हुईं।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल चिरंजीत कुंवर के अनुसार म्यांमार सेना के अधिकारी, जूनियर कमीशंड अधिकारी और कुछ कर्मी बिहार के बोधगया में भ्रमण के लिए आए। जबकि भारतीय अधिकारी और जवान पड़ोसी देश में गए। म्यांमार गए भारतीय सैन्यकर्मी पूर्वी कमान से संबंधित थे।
उल्लेखनीय है कि दोनों देश 1,643 किलोमीटर लंबी सीमा से जुड़े हुए हैं। यह सीमा उत्तर-पूर्व के चार राज्यों- अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर और मिजोरम से लगी हुई है। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंध रहे हैं और दोनों देशों की सेनाओं के बीच भी मित्रतापूर्ण रिश्ते रहे हैं।
अब इन रिश्तों को और ज्यादा विकसित करने की आवश्यकता समझी जा रही है। दोनों देशों के बीच वीजा मुक्त आवागमन की संधि है। सीमा से 16 किलोमीटर भीतर तक दोनों देशों के नागरिक बगैर वीजा के एक-दूसरे के देश में आ-जा सकते हैं।