मुंबई:रालोसपा के एनडीए से अलग होने और लोजपा की नाराजगी की खबरों के बीच सरकार में शामिल आरपीआई (ए) अध्यक्ष रामदास अठावले ने आने वाले दिनों में गठबंधन का कुनबा बढ़ने का दावा किया है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भी जनता में लोकप्रिय हैं और अगले दस साल तक उनका कोई विकल्प नहीं है।
अठावले ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा, रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का एनडीए से अलग होने के पीछे मोदी से नाराजगी नहीं है। बल्कि इसका कारण गठबंधन में जदयू के आने के बाद उम्मीद के अनुरूप सीटें नहीं मिलना है। चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जे की मांग पर अलग हुई। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में ऐसी संभावना है कि वाईएसआर कांग्रेस, अन्नाद्रमुक, बीजद एनडीए में शामिल हो सकती है।
अठावले ने कहा कि मोदी आज भी जनता में काफी लोकप्रिय हैं, अगले 10 साल तक उनका कोई विकल्प नहीं है । 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद वे फिर देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
विपक्ष का महागठबंधन केवल फोटो के लिए
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ने विपक्ष के महागठबंधन की कवायद का जिक्र करते हुए कहा कि वह केवल फोटो का अवसर है, जिसके साथ आने की संभावना बेहद कम है। हाल में कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ये परिणाम राज्यों की समस्या से जुड़े थे। राजस्थान एवं मध्यप्रदेश में भाजपा ने कांग्रेस को अच्छी टक्कर दी।
राहुल का मोदी पर निशाना ठीक नहीं
अठावले ने कहा, राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पर बार बार निशाना साधना अच्छी बात नहीं है। भारत का जनमानस इस तरह के आचरण को स्वीकार नहीं करता है। इसका आने वाले दिनों में उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है।
कांग्रेस कर रही दुष्प्रचार
केंद्रीय मंत्री ने कहा, कांग्रेस यह दुष्प्रचार कर रही है कि भाजपा संविधान बदल देगी। सरकार के साढ़े चार वर्ष हो गए। लेकिन ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई। दलितों पर अत्याचार के विषय पर उन्होंने कहा कि जब तक जातपात रहेगा, ऐसी घटना सामने आएगी। ऐसी घटनाएं कांग्रेस के शासनकाल में भी थी।