भोपाल/जयपुर/रायपुर: कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने सोमवार को राजस्थान के 22वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल कल्याण सिंह ने उन्हें शपथ दिलाई। इसी के साथ वह राज्य के तीसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं। उनके साथ सचिन पायलट ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सचिन शपथ के दौरान लाल पगड़ी बांधे हुए थे। इस समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मौजूद रहे।
कौन-कौन पहुंचा
कांग्रेस से : नवजोत सिंह सिद्धू, जोतिरादित्य सिंधिया, कुमारी शैलजा, प्रफुल्ल पटेल और जतिन प्रसाद। एनसीपी से : शरद पवार। तेदेपा से : चंद्रबाबू नायडू। जेडीएस से: एचडी देवेगौड़ा। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा से: जीतन राम मांझी। नेशनल कांग्रेस से फारुक अब्दुल्ला। झामुमो से हेमंत सोरेन।
मध्यप्रदेश: 18वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे कमलनाथ
कमलनाथ मध्यप्रदेश के 18 वें मुख्यमंत्री के तौर पर दोपहर 1.30 बजे भोपाल में बीएचईएल के जंबूरी मैदान में शपथ लेंगे। पहले यह कार्यक्रम लाल परेड ग्राउंड में होना था। मध्यप्रदेश में कांग्रेस 114 सीटों पर जीती। उसे बसपा के दो, सपा के एक और चार निर्दलीय विधायकों ने समर्थन दिया है। कमलनाथ के साथ आरिफ अकील, सज्जन सिंह वर्मा, तुलसी सिलावट, गोविंद राजपूत, हुकुम सिंह कराड़ा, विजय लक्ष्मी साधौ, बिसाहूलाल सिंह, डॉ. प्रभुराम चौधरी, जीतू पटवारी, पीसी शर्मा, लक्ष्मण सिंह/जयवर्द्धन सिंह, हिना कांवरे, कमलेश्वर पटेल, तरुण भनोत और निर्दलीय प्रदीप जायसवाल भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। डॉ. गोविंद सिंह को विधानसभा अध्यक्ष बनाने की चर्चा है।
छत्तीसगढ़: तीसरे मुख्यमंत्री होंगे बघेल
भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के तीसरे मुख्यमंत्री के तौर पर सोमवार को रायपुर के साइंस कॉलेज में शाम 4.30 बजे शपथ लेंगे। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि सोमवार को बघेल अकेले शपथ लेंगे। मंत्रियों पर फैसला बाद में होगा। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 90 में से 68 सीटें जीती हैं।