मुंबई। केंद्र सरकार की मदद से महाराष्ट्र की सत्ता में आई असंवैधानिक शिंदे- फडणवीस- अजीत पवार सरकार के कार्यकाल में राज्य को हर दिन लूटा जा रहा है। वेदांता फॉक्सकॉन, टाटा एयर बस, मुंबई में हीरा व्यापार के बाद अब राज्य के सहकारी क्षेत्र पर भी हमला किया जा रहा है। सहकारी क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण और प्रसिद्ध डेयरी परियोजना ‘महानंद’ को भी गुजरात के हवाले करने की तैयारी चल रही है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने यह गंभीर आरोप लगाया है।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने बुधवार को बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए आगे कहा कि बीजेपी ने मुंबई और महाराष्ट्र को लूटने के लिए बर्बरता की राजनीति करके सत्ता हथिया ली है। महाविकास आघाडी सरकार गुजरात लॉबी के कुटिल इरादों को कामयाब नहीं होने दे रही थी। इसलिए हमारी सरकार को एक साजिश के तहत उखाड़ फेंका गया। अब पिछले डेढ़ साल से महाराष्ट्र को लूटा जा रहा है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार के पास हिम्मत नहीं है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को न कह सके। ये तीन लोग सिर्फ मूकदर्शक होकर सब कुछ देख रहे हैं और महाराष्ट्र को लूटा-खसोटा जा रहा है। मोदी -शाह के सामने शिंदे, फडणवीस और अजीत पवार सिर्फ मोहरा बन कर रह गए हैं। उनका एकमात्र काम दिल्ली के आदेशानुसार फाइल पर हस्ताक्षर करना है। सहकारी क्षेत्र ने महाराष्ट्र में समृद्धि लाई। इसकी बदौलत ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक प्रगति हुई लेकिन अब मोदी-शाह की टेढ़ी नजर सहकारिता पर पड़ गयी है।
महानंद का प्रबंधन राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड को सौंपने का निर्णय लिया गया है। डेयरी व्यवसाय में, महाराष्ट्र में महानंद, गोकुल, वाराना, चितले जैसे कई स्थानों का एक बड़ा नेटवर्क है। ग्रामीण क्षेत्रों में डेयरी व्यवसाय कृषि का पूरक व्यवसाय है और सहकारी समितियों के माध्यम से इसमें बड़ी क्रांति आई है, लेकिन गुजरात के ‘अमूल’ के लिए महानंद की बलि दी जा रही है। राज्य की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गुजरात की ओर मोड़ा जा रहा है। शिंदे सरकार गोलमोल जवाब देकर गुमराह कर रही है कि महानंद गुजरात नहीं जाएगा हैं। साथ ही मोदी सरकार महाराष्ट्र को कोई बड़ा प्रोजेक्ट देने जा रही है। लेकिन यह सिर्फ छलावा है. अतुल लोंढे ने तंज कसते हुए कहा है कि मोदी-शाह को अब एकनाथ शिंदे, देवेन्द्र फडणवीस और अजीत पवार को भी गुजरात ले जाना चाहिए।
गुजरात लॉबी के माध्यम से महाराष्ट्र में लूट जारी, ‘महानंद’ भी गुजरात के हवाले करने की तैयारी : अतुल लोंढे
Leave a comment
Leave a comment