- जीवंत संगठन वही, जो कार्यक्षेत्र में रहे सक्रिय – मुनि दीप कुमार
विजयनगर (बैंग्लोर)। युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी के सुशिष्य मुनिश्री दीप कुमारजी के सानिध्य में अर्हम् भवन में दिनांक 27/8/2023 विजयनगर, बेंगलूरू में “संगठन और दायित्वबोध” विषय पर कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, तेरापंथ युवक परिषद , तेरापंथ महिला मंडल, विजयनगर के संयुक्त तत्वाधान में किया गया।
मुनिश्री दीप कुमारजी ने कहा- जो परजनो के लिए काम करें वही सच्चा कार्यकर्त्ता होता है। कार्यकर्ता तो वह होता है जो पद पर नही रहकर भी पदासीन व्यक्ति की तरह सक्रिय रुप से काम करें। संस्थाओं में कुछ कार्यकर्ता आधी रात को भी काम करने के लिए तैयार रहते हैं, ऐसे कार्यकर्ता संस्थाओं के नींव के पत्थर होते है। जो व्यक्ति चुनाव जीतकर संस्था के पद पर आता है, लेकिन संस्था के लिए कभी समय का नियोजन नही कर पाता, पर्याप्त समय नही दे पाता, न संस्था के विकास के बारे में कभी चिंतन कर पाता, जो अपने साथ कार्यकर्ताओं को लेकर नही चल सकता, उसे कार्यकर्ता नही कहा जा सकता। उसे सिर्फ संस्था की देखभाल करने वाला ही कहा जा सकता है। सक्षम संगठन वही है, जो कार्यक्षेत्र में सदैव सक्रिय रहे। जिस संगठन के पदाधिकारी , मैदानी कार्यकर्ता के भांति, जमीन से जुड़ित रहते हुए कार्य करे तो संगठन का परचम जरूर फहराएगा। मुनिश्री ने आगे कहा- कार्यकर्ता में परार्थ की चेतना का विकास, संवेदनशीलता की चेतना और सहिष्णुता के प्रशिक्षण से अनुभव चेतना का विकास होना अपेक्षित है। कार्यकर्ता इन प्रकोष्ठों को जागृत करने की विधि समझ कर कुछ नया वृहद चिंतन करके संगठन को सक्षम बना सकते है। संगठन में सौहार्द बना रहें, प्रमोद भावना बढ़ती रहें ऐसा प्रयास करना चाहिये। जहां प्रमोद भावना की कमी होती है उस संगठन के सर्वांगीण विकास का ग्राफ नीचे चला जाता है।
केकड़ावृत्ति नही समाज में जटायुवृत्ति जागें। मुनिश्री ने शनिवार की सामायिक पर बल दिया और पर्युषण महापर्व के अन्तर्गत होने वाली अठरंगी तप की प्रेरणा दी।
मुनिश्री काव्य कुमारजी ने तेयुप की ओर से चल रही सम्यक दर्शन कार्यशाला के अन्तर्गत राजा प्रदेशी और केशी कुमारश्रमण के संवाद की चर्चा की। कार्यक्रम में जैन स्कोलर्स पाठयक्रम की निर्माता श्रीमती मंजु जी नाहटा ने “कर्मवाद ” पर प्रेरक विचार रखें। तेरापंथी सभा अध्यक्ष प्रकाश जी गांधी, तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष राकेश जी पोखरणा, तेरापंथ महिला मंडल अध्यक्ष मंजू जी गादीया एवम उपाध्यक्ष बरखा जी पुगलिया ने भी अपने विचार रखते हुए मुनिश्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन मुनिश्री के मंगलपाठ से हुआ।