फ़रीदाबाद| युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमणजी की प्रबुद्ध शिष्या साध्विश्री अणिमाश्री जी का जयपुर से द्रुतगति से विहार करते हुए दिनांक १८ मार्च को फ़रीदाबाद पदार्पण हुआ | फ़रीदाबाद के श्रावक समाज ने उत्साह, उमंग के साथ अध्यात्म की सुरसरिता का स्वागत किया | साध्वीश्री जी के आगमन से शहर मे खुशी की लहर दौड़ गई |
साध्वीश्री जी ने अपने प्रेरक उद्बोधन मे कहा “आज का यह स्वागत हमारा नहीं, गुरुदेव की कृपा का स्वागत है, तेरापंथ धर्मसंघ की मर्यादा व अनुशासन का स्वागत है, गुरुदृष्टि का स्वागत है, एक गुरु व एक विधान का स्वागत है | हम गुरुदृष्टि को शिरोधार्य कर दिल्ली पँहुचे, फ़रीदाबाद आए हैं, इसलिए हमारा स्वागत हो रहा है | हमे जैन शासन मिला, यह भाग्य की बात है किन्तु हमे तेरापंथ धर्मसंघ मिला, यह परम सौभाग्य की बात है | गुरु की अनुशासना मे रहने वाला, हर पल निश्चिंतता की अनुभूति करता है | हमारा सुविनित श्रावक समाज हमेशा गुरुदृष्टि के प्रति जागरूक रहे, संघ निष्ठा का दिया जलता रहे |
साध्विश्री जी ने कहा : फ़रीदाबाद का श्रावक समाज जागरूक है, मार्ग सेवा मे सक्रिय एवं उत्साही है, सभी पदाधिकारी दायित्वशील हैं | हमारे फ़रीदाबाद आगमन मे हमारे संसारपक्षीय भाई आर सी जैन की अर्ज भी बहुत योगभूत बनी है | हमारे प्रवास का पूरा श्रावक समाज भरपूर लाभ उठाएँ |
डा साध्वी सुधाप्रभा जी ने “हैप्पी एंड हेल्दी लाइफ” की चर्चा करते हुए कहा – जिसकी सोच सकारात्मक होती है, जो कूल माइंडेड होता है, जो ईर्ष्या नहीं रखता वो अपने जीवन मे खुशी व आनंद का ताज पहन सकता है |
टी पी एफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज जी ओस्तवाल ने कहा साध्विश्री जी का प्रभावक प्रवचन जीवन मूल्यों को आत्मसात् कराने वाला होता है , संघभक्ति व गुरुभक्ति से संभूत प्रवचन जन-जन मे आस्था के अंकुरण का सार्थक प्रयास करता है | फ़रीदाबाद का टी पी एफ परिवार बड़ी जागरूकता के साथ संघ प्रभावक कार्य करता रहता है |
साध्वीश्री कर्णिकाश्री जी, साध्वीश्री सुधाप्रभा जी, साध्वीश्री समत्वयशा जी, साध्विश्री मैत्रीप्रभा जी ने महाश्रमणमॉल गीत के माध्यम से माल लेने की बात कही | भावपूर्ण गीत का संगान सुनकर सभी भाव विभोर हो गए |
जे एस टी सभाध्यक्ष श्री गुलाब जी बैद, टी पी एफ अध्यक्ष राकेश सेठीया, महिला मण्डल अध्यक्षा सुमंगला बोरड़, तेयूप अध्यक्ष विवेक बैद, अणुव्रत समिति अध्यक्ष आई सी जैन, टी पी एफ नॉर्थ ज़ोन अध्यक्ष विजय नाहटा, जीतो फ़रीदाबाद के अध्यक्ष प्रवीन जी रांका, श्री राय चंद जैन, चैन रूप तातेड़ ने भावभिव्यक्ति दी | कार्यक्रम का संचालन सभा के सहमन्त्री श्री नवीन जैन ने किया | महिला मण्डल की बहनों ने सुमधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया |