- भाजपा सरकारी यंत्रणा का दुरुपयोग करके आप को निशाना बना रही हैः प्रीती शर्मा मेनन
मुंबई। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई के माध्यम से केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा सत्ता का दुरुपयोग करके की गई कार्रवाई के विरोध में आम आदमी पार्टी की मुंबई अध्यक्ष प्रीति शर्मा मेनन के नेतृत्व में मुंबई में सीएसटी रेलवे स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में प्रीति मेनन समेत आम आदमी पार्टी मुंबई के कार्यकारी अध्यक्ष रुबेन मस्करेनहास, उपाध्यक्ष पायस वर्गीज, द्विजेंद्र तिवारी, संजय बेडिया, महमूद देशमुख सहित आम आदमी पार्टी मुंबई के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
इस आंदोलन के दौरान प्रीति शर्मा मेनन ने कहा की, अदानी ग्रुप ने करोड़ों रुपए का घोटाला कर के भारतीय अर्थव्यवस्था को संकट में डाल दिया है। लेकिन भाजपा सरकार ने इस मामले में गौतम अदानी पर सीबीआई द्वारा कार्रवाई नही की। भाजपा के नेता तो इस पर कोई बात भी नही करते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में लाखों करोड़ रुपयों का भ्रष्टाचार किया गया। सीबीआई के जरिए उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। लेकिन आज दिल्ली के उपमुख्यमंत्री के रूप में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति लाने वाले मनीष सिसोदिया पर सीबीआई बिना किसी आधार के झूठे केस के तहत कार्रवाई कर रही है. यह केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा निम्न स्तर की गंदी राजनीति की जा रही है। आम आदमी पार्टी भारत में तेजी से विकास कर रही है। आम आदमी पार्टी को पार्टी के तौर पर अच्छी सफलता मिल रही है। असल में भाजपा इस बात से पूरी तरह वाकिफ है और डरी हुई है कि आम आदमी पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो भाजपा को हरा सकती है। हमारा आरोप है कि इसी डर की वजह से भाजपा सरकार आम आदमी पार्टी को निशाना बना रही है और सीबीआई जैसी एजेंसियों के जरिए झूठे केसेस के आधार पर आम आदमी पार्टी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
प्रीति शर्मा मेनन ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी ने हमेशा सड़कों पर उतरकर भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई है। हमारी आवाज देश की जनता की आवाज है। मैं केंद्र की भाजपा सरकार से कहना चाहती हूं कि अगर आप एक मनीष सिसोदिया को झूठे मामले में गिरफ्तार करते हैं तो ऐसे हजारों मनीष सिसोदिया आपके अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़े होंगे। हमारी पार्टी कार्रवाई से डरने वाली नहीं, बल्कि जनता के लिए लड़ने वाली पार्टी है।