पूर्णिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से बिहार में तेजी से अपराध बढ़ने का दावा करते हुए कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में श्री लालू प्रसाद यादव के राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का सूपड़ा साफ हो जाएगा और अगले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
श्री शाह ने शुक्रवार को यहां रंगभूमि मैदान में आयोजित भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए कहा, “केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार है इसलिए सीमांचल के लोगों को किसी से भी डरने की जरूरत नहीं है।” उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता राजद और जदयू का सूपड़ा साफ कर देगी। मुख्यमंत्री श्री कुमार को केवल कुर्सी प्यारी है और इसके लिए वह किसी के साथ भी गठबंधन कर सकते हैं लेकिन वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनते ही प्रदेश में विधि-व्यवस्था की स्थिति चरमरा जाने का अरोप लगाते हुए कहा कि अपराधियों के सत्ता में बैठे होने की वजह से मुख्यमंत्री षड्यंत्र करने वालों को रोक नहीं पाएंगे। घोटालेबाजों को मंत्री देने के बाद से ही श्री कुमार केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) पर प्रतिबंध लगाने की बात करने लगे हैं। यह राजद अध्यक्ष श्री यादव का भय और सत्ता का मोह नहीं तो और क्या है। इस राज्य में जंगलराज का खतरा मंडराने लगा है।
श्री शाह ने मुख्यमंत्री श्री कुमार के प्रधानमंत्री बनने को लेकर चल रही अटकलों पर कटाक्ष करते हुए कहा, “कांग्रेस विरोधी राजनीति से उत्पन्न नीतीश बाबू फिर से कांग्रेस और राजद की गोद में जा बैठे हैं। इस तरह सत्ता के स्वार्थ में दल-बदल करके नीतीश बाबू प्रधानमंत्री बन सकते हैं क्या, बिहार में सरकार चल सकती है क्या। लालू जी सुनिए, नीतीश बाबू कल आपको भी धोखा दे देंगे।” भाजपा के शीर्ष नेता ने कहा कि श्री नीतीश कुमार सबसे पहले देवीलाल गुट में गए, फिर लालू के साथ कपट किया, सबसे बड़ा धोखा जॉर्ज फर्नांडीस को दिया। श्री फर्नांडीस के कंधे पर बैठकर समता पार्टी बनाई और जब तबीयत खराब हुई तो उन्हें पार्टी से ही निकाल दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव को धोखा दिया, फिर भाजपा को पहली बार दोखा दिया, फिर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी को धोखा दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को धोखा दिया और अब फिर से प्रधानमंत्री बनने की लालसा में भाजपा को धोखा देकर लालू यादव के साथ चले गए हैं।
श्री शाह ने राजद अध्यक्ष श्री यादव के बयान कि श्री शाह के मन में कुछ तो काला है इसलिए सभी को चौकन्ना रहना है, ये लोग मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करके उन्माद फैलाते हैं और मस्जिद पर भगवा झंडा फहराकर समाज में तनाव उत्पन्न करते हैं पर जमकर हमला बोला और कहा, “मैं सीमांत जिलों में आया हूं तो लालू-नीतीश के पेट में दर्द हो रहा है, कह रहे हैं कि मैं यहां झगड़ा लगाने आया हूं। ये काम लालू परिवार का है। नीतीश लालू की गोदी में बैठे हुए हैं। यहां डर का माहौल है। ये सीमावर्ती जिले हिंदुस्तान का हिस्सा है, किसी को डरने की जरूरत नहीं है।”
जब मैंने जनता से पूछा कि क्या आप लालू-नीतीश के जंगलराज के गठबंधन को स्वीकार करते हैं…तो सुनिए बिहार की जनता ने क्या कहा… pic.twitter.com/j5uXHl1lk6
— Amit Shah (@AmitShah) September 23, 2022