नई दिल्ली:केंद्रीय कैबिनेट ने गुरुवार को बड़ा फैसला लेते हुए करतारपुर कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी दे दी। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी। जेटली ने कहा, ‘कैबिनेट ने गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक से लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमा तक करतारपुर कॉरिडोर को बनाने और उसके विकास के लिए मंजूरी दी है।’
प्रेस कांफ्रेंस में वित्त मंत्री ने कहा कि गृह मंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में सरकार ने गुरू नानक की 550 वीं जयंती का जश्न मनाने का फैसला किया है। साल 2019 में गुरू नानक देव की 550वीं जयंती है।
अरुण जेटली ने बताया कि सुल्तानपुर लोधी शहर को एक विरासत शहर में विकसित किया जाएगा। स्मार्ट शहर के सभी सिद्धांतों को इसके विकास में लागू किया जाएगा। जेटली ने बताया कि करतारपुर कॉरिडोर परियोजना का लक्ष्य पाकिस्तान के गुरुद्वारा दरबार साहिब का दौरा करने वाले तीर्थयात्रियों को आसान रास्ता उपलब्ध कराना है।