मुंबई। केंद्र सरकार की कृत्रिम महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने 31 मार्च से एक सप्ताह का आंदोलन शुरू किया है। इसके तहत 7 अप्रैल को मुंबई में कांग्रेस का महामोर्चा निकाला जाएगा.। यह जानकारी महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने दी है। उन्होंने बताया कि इस आंदोलन के तहत महंगाई मुक्त भारत की मांग को लेकर हम जनता के बीच में जाएंगे।
तिलक भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में नाना पटोले ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हर दिन ईंधन के दाम बढ़ा रही है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य तेल, आवश्यक वस्तुओं के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं। इस वजह से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। केंद्र सरकार को जगाने के लिए कांग्रेस की तरफ से 31 मार्च से पूरे देश में विभिन्न तरीकों से आंदोलन चल रहा है। इसके तहत मुंबई में 7 अप्रैल को को गिरगांव चौपाटी से अगस्त क्रांति मैदान तक मोर्चा निकाला जाएगा। इस मार्च में कांग्रेस पार्टी के सभी मंत्री, विधायक, पदाधिकारी शामिल होंगे और इसमें लोगों की भारी भागीदारी होगी। नाना पटोले ने इस मार्च में बड़ी संख्या में आम नागरिकों से भाग लेने की अपील की।
पत्रकारों द्वारा शिवसेना सांसद संजय राउत के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर पटोले ने कहा कि भाजपा केंद्रीय जांच एजेंसी की मदद से शतरंज का गेम खेल रही है। विरोधियों की आवाज को दबाने के लिए ईडी जैसे केंद्रीय जांच एजेंसियों का व्यापक रूप से दुरुपयोग किया जा रहा है। सांसद संजय राउत के खिलाफ कार्रवाई उसी दबाव तंत्र का हिस्सा है लेकिन महाविकास आघाड़ी ऐसी हरकतों से डरने वाली नहीं है। हम सब मिल कर इस दबाव का सामना करेंगे। हम सत्य के पक्ष में हैं जबकि भाजपा असत्य के पक्ष में है। पटोले ने कहा कि संजय राउत ने ईडी में कुछ भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल ने जैसे ही इसकी जांच के लिए एसआईटी गठित करने की घोषणा की, उसके कुछ ही घंटों के भीतर ईडी ने संजय राउत के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। इससे साफ़ है कि यह सब कुछ बीजेपी के इशारे पर हो रहा है।
पटोले ने कहा कि हनुमान चालीसा को स्पीकर के साथ मस्जिद के सामने बजाना राज्य में माहौल खराब करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि देश के संविधान ने सर्वधर्म समभाव यानी सभी धर्मों को समान अधिकार दिए हैं, लेकिन जो लोग संविधान को नहीं मानते हैं, वे लोगों का ध्यान मुख्य मुद्दे से हटाने की कोशिश कर रहे हैं।
मंगलवार को तिलक भवन में पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक हुई. जिसमें 7 अप्रैल को होने वाल्रे महंगाई मुक्त भारत आंदोलन की पूर्व तैयारी की समीक्षा की गई।
इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के अलावा कपड़ा मंत्री असलम शेख, डेयरी विकास मंत्री सुनील केदार, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान, उपाध्यक्ष हुसैन दलवई, मोहन जोशी, संजय राठौड़, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष संध्याताई सव्वालाखे, प्रदेश महासचिव एवं मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे, प्रदेश महासचिव देवानंद पवार और प्रमोद मोरे समेत कई नेता उपस्थित थे।
7 अप्रैल को कांग्रेस का ‘महंगाई मुक्त भारत’ को लेकर महामोर्चा, आम लोगों से भाग लेने की अपील
Leave a comment
Leave a comment