नई दिल्ली:उत्तराखंड और मणिपुर में अब तक सामने आए रुझान के हिसाब से भाजपा का सरकार बरकरार रखने का इतिहास बनाना तय लग रहा है। मणिपुर में मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने हेनिगांग सीट पर 17 हजार वोट से जीत हासिल कर ली है।
उत्तराखंड में भाजपा ने 70 सीट में 41 सीट पर बढ़त बना रखी है, वहीं मणिपुर में भी भाजपा 28 सीट पर आगे चल रही है। उत्तराखंड में कांग्रेस 26 सीट पर, जबकि 3 सीट पर अन्य आगे चल रहे हैं। मणिपुर में कांग्रेस 10 सीट पर आगे है, जबकि NPP को 9, NPF को 3 और अन्य को 10 सीट पर बढ़त हासिल है। उत्तराखंड में बहुमत के लिए 36, जबकि मणिपुर में 30 सीट की जरूरत है।
उधर, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को अपनी शादी की सालगिरह के दिन दोहरा झटका लगा है। एकतरफ कांग्रेस की सरकार बनने का रुझान नहीं दिख रहा है, वहीं रावत लालकुआं सीट पर भाजपा के मोहन बिष्ट से करीब 9128 वोटों से पिछड़ गए हैं, जिससे उनकी हार तय मानी जा रही है।
देवभूमि उत्तराखंड की लोहाघाट सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी खुशाल सिंह अधिकारी ने 6118 वोट से जीत अपने नाम कर ली है, जबकि देहरादून की चकराता सीट पर भी मतगणना पूरी हो गई है। हालांकि अभी यहां परिणाम जारी नहीं किया गया है। प्रतापनगर सीट पर भी कांग्रेस कैंडिडेट विक्रम सिंह नेगी के जीतने की सूचना है, लेकिन अभी तक आधिकारिक परिणाम जारी नहीं किया गया है।
मणिपुर की तिपाईमुख सीट पर जनता दल (यूनाइटेड) के नगुरसंगलुर सनाटे ने 1249 वोट से, जबकि बापगई सीट से भाजपा के डॉ. उषाम देबेन सिंह ने महज 50 वोट के अंतर से जीत हासिल कर ली है।
उत्तराखंड की 5 हॉट सीट्स पर अब तक…
खटीमा : तीसरे राउंड के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (12,989 वोट) कांग्रेस के भुवन सिंह कापड़ी (14057 वोट) से पिछड़े हुए हैं।
लालकुआं : भाजपा के डॉ. मोहन सिंह बिष्ट 9128 वोट से कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से आगे चल रहे हैं।
हरिद्वार : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने पिछड़ने के बाद कांग्रेस के सतपाल ब्रह्मचारी पर 1413 वोट की बढ़त बना ली है।
गंगोत्री : भाजपा के सुरेश चौहान, कांग्रेस के विजयपाल सजवाण से 4850 वोट से आगे चल रहे हैं। यहां AAP के सीएम कैंडिडेट अजय कोठियाल तीसरे नंबर पर हैं।
चौबट्टाखाल : भाजपा के मौजूदा मंत्री सतपाल महाराज कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष केसर नेगी से 2988 वोट से आगे चल रहे हैं।
मणिपुर की 5 हॉट सीट्स पर अब तक…
हेनिगांग : मौजूदा मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक एन. बीरेन सिंह ने 17 हजार से ज्यादा वोट से कांग्रेस के पी. शरतचंद्र सिंह को हरा दिया है।
थोऊबाल : 2002 से 2017 तक कांग्रेस के CM रहे ओकराम इबोबी सिंह 2322 वोट से आगे चल रहे हैं।
यूरिपोक : भाजपा के नेता रघुमणि सिंह ने NPP नेता व मौजूदा डिप्टी सीएम जॉयकुमार सिंह पर 683 वोट की बढ़त बना ली है।
माओ : भाजपा के एस. एलकजेंडर मैखो से NPF नेता व मौजूदा मंत्री लॉसी दिकहो 8351 वोट से आगे चल रहे हैं।
सिंगजामेई : मौजूदा विधानसभा स्पीकर यू. खेमचंद सिंह (भाजपा) आगे चल रहे हैं, जबकि कांग्रेस के आई. हेमचंद्र सिंह पिछड़े हुए हैं।