नई दिल्ली:दुनिया में बीते दिन 30.97 लाख नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें 24.60 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 12,083 लोगों की मौत हुई है। नए संक्रमितों के मामले में फ्रांस पहले नंबर पर है। यहां 3.15 लाख केस मिले हैं। अमेरिका 3.02 लाख मरीजों के साथ दूसरे नंबर पर है। वहीं, जर्मनी 2.23 लाख मरीजों के साथ तीसरे नंबर पर है।
संक्रमण से एक दिन में सबसे ज्यादा 2,994 मौतें अमेरिका में हुई हैं। फ्रांस में 276 और जर्मनी में 174 लोगों की मौत हुई है। एक्टिव केस में भी अमेरिका टॉप पर है। पूरी दुनिया में 7.41 करोड़ एक्टिव केस हैं। इनमें से अकेले 2.88 करोड़ अमेरिका में हैं। अब तक 38.51 करोड़ से ज्यादा लोग महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 30.52 करोड़ ठीक हो चुके हैं। वहीं, 57.18 लाख ने जान गंवाई है।
इस बीच भारत गुरुवार को रिकॉर्ड 5 लाख मौतों वाला दुनिया का तीसरा देश बन गया। महामारी की शुरुआत से अब तक भारत में 5 लाख से अधिक मौतें दर्ज की जा चुकी हैं। अमेरिका में अब तक 9.1 लाख से अधिक मौतें हुई हैं वहीं, ब्राजील में करीब 6.3 लाख लोगों ने जान गवाई है। 3.3 लाख मौतों के साथ रूस चौथे नंबर पर है।
दुनिया में अब तक कोरोना मामलों की स्थिति
कुल संक्रमित: 38.51 करोड़
ठीक हुए: 30.52 करोड़
एक्टिव केस: 7.41 करोड़
कुल मौतें: 57.18 लाख
ऑस्ट्रिया में अनिवार्य वैक्सीनेशन कानून को मंजूरी
ऑस्ट्रिया में अनिवार्य वैक्सीनेशन कानून को शुक्रवार को मंजूरी मिल जाएगी। ये ऐसा पहला पश्चिमी देश हैं जहां वयस्क आबादी के वैक्सीनेशन को अनिवार्य किया गया है। यहां गुरुवार को संसद को उपरी सदन में बिल को मंजूरी दी जा चुकी है। शुक्रवार को राष्ट्रपति के साइन के बाद ये बिल कानून में तब्दील हो जाएगा।