मुंबई:राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा है कि जिन्ना की मांग पाकिस्तान के गठन की थी। अगर कोई वास्तविक ‘हिंदुत्ववादी’ होता, तो वह गांधी को नहीं जिन्ना को गोली मारता। ऐसा कृत्य देशभक्ति का कार्य होता। उन्होंनने कहा कि गांधी जी के निधन पर आज भी दुनिया शोक में है।
इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी ‘हिंदुत्ववादी’ का इस्तेमाल करते हुए बापू को याद किया। उन्होंने लिखा, ‘एक हिंदुत्ववादी ने गांधी जी को गोली मारी थी। सब हिंदुत्ववादियों को लगता है कि गांधी जी नहीं रहे। जहाँ सत्य है, वहां आज भी बापू ज़िंदा हैं!”
संजय राउत ने राहुल के ट्वीट पर ही प्रतिक्रिया देते हुए यह बात कही है। उन्होंने कहा, ‘जिसने देश का विभाजन किया, जिसने पाकिस्तान की मांग की, यानी जिन्ना को गोली मारनी चाहिए थी। अगर आपमें हिम्मत थी तो जिन्ना को गोली मारते। एक फकीर गांधी को गोली मारना ठीक नहीं था।’