नई दिल्ली:दुनिया में बीते दिन 36.66 लाख नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। 25.78 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 10,671 लोगों की मौत हुई है। नए संक्रमितों के मामले में अमेरिका 5.36 लाख केस के साथ पहले नंबर है। वहीं, 2.33 लाख नए केस के साथ भारत दूसरे नंबर पर है। ब्राजील 2.28 लाख मरीजों के साथ तीसरे नंबर पर है।
संक्रमण से एक दिन में सबसे ज्यादा 3,077 मौतें अमेरिका में हुई है। भारत में 864 और ब्राजील में 662 लोगों की मौत हुई है। एक्टिव केस में भी अमेरिका टॉप पर है। पूरी दुनिया में 7.10 करोड़ एक्टिव केस हैं। इनमें से अकेले 2.82 करोड़ अमेरिका में हैं। अब तक 36.67 करोड़ से ज्यादा लोग महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 29 करोड़ ठीक हो चुके हैं। वहीं, 56.57 लाख ने जान गंवाई है।
अमेरिका में ओमिक्रॉन की वजह से होने वाली रोजाना मौतों का आंकड़ा डेल्टा लहर के मुकाबले तेजी से बढ़ रहा है। यहां रोजाना होने वाली मौतों के साप्ताहिक औसत में नवंबर से ही बढ़ोतरी देखी जा रही है। गुरुवार को यह औसत 2,267 तक पहुंच गया, जबकि डेल्टा संक्रमण के दौरान सितंबर में यह औसत 2,100 था। कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर एंड्रयू नोयमर ने बताया कि ओमिक्रॉन भले ही ज्यादातर लोगों के लिए हल्की बीमारी का कारण बनता है, लेकिन इसके अधिक संक्रामक होने की वजह से अधिक लोग बीमार पड़ रहे हैं और मर रहे हैं।
दुनिया में अब तक कोरोना मामलों की स्थिति
कुल संक्रमित: 36.67 करोड़
ठीक हुए: 29 करोड़
एक्टिव केस: 7.10 करोड़
कुल मौतें: 56.57 लाख
कनाडा में अनिवार्य वैक्सीनेशन का विरोध; संसद के बाहर प्रदर्शन के लिए ट्रक से निकले प्रदर्शनकारी
कनाडा में सरकार की तरफ से किए गए अनिवार्य वैक्सीनेशन का विरोध शुरु हो गया है। इसके लिए प्रदर्शनकारी ट्रक ड्राइवरों और उनके समर्थकों ने शनिवार को संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई है। भारी संख्या में लोग यहां की राजधानी ओटावा पहुंच रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने ट्रक रैली को को ‘फ्रीडम रैली’ या ‘फ्रीडम कॉन्वॉय’ नाम दिया है। पुलिस का अनुमान है कि शनिवार को अटावा में 1,000 से 2,000 लोग जुटेंगे। PM जस्टिन ट्रूडो ने प्रदर्शनकारियों को छोटा समूह कहते हुए नकार दिया है। उन्होंने कहा कि ये लोग पूरे कनाडा का प्रतिनिधित्व नहीं करते।
रूस में कोरोना से अब तक 7 लाख मौतें; दुनिया में दूसरा सबसे अधिक मौतों वाला देश
रूस में कोरोना की वजह से हुई मौतों ने शुक्रवार को 7 लाख का आंकड़ा पार कर लिया। यहां के सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर में 54,630 लोगों की मौत हुई। वहीं, नवंबर में रिकॉर्ड 90,000 मौतें दर्ज की गई। कुल मौतों के मामले में रूस दुनिया में दूसरे नंबर पर है। करीब 9 लाख मौतों के साथ अमेरिका पहले नंबर पर है। रूस अब दुनिया में दूसरी सबसे अधिक मौतों वाला देश है।
ब्राजील में कोरोना के रिकॉर्ड 2.69 लाख नए केस; 699 की मौत
ब्राजील में कोरोना के रिकॉर्ड 2.69 लाख नए संक्रमित मिले हैं। देश में अब तक कुल 25 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। यहां शुक्रवार को 699 लोगों की मौत हुई है। दुनिया में नए संक्रमितों के मामले में तीसरे नंबर पर चल रहा ब्राजील ओमिक्रॉन की वजह से नई लहर का सामना कर रहा है।