वॉशिंगटन:दुनिया में बीते दिन 19.39 लाख नए संक्रमितों की पहचान हुई है। 9.91 लाख लोग ठीक हुए हैं और 3990 लोगों की मौत हुई है। नए संक्रमितों के मामले में अमेरिका 2.87 लाख मरीजों के साथ टॉप पर है, जबकि 2.78 लाख मामलों के साथ फ्रांस दूसरे नंबर पर है। वहीं, 2.57 लाख नए केस के साथ भारत तीसरे नंबर पर है।
बीते दिन केवल अमेरिका में 346 नई मौतें दर्ज की गई हैं। एक्टिव केस के मामले में अमेरिका टॉप पर है। पूरी दुनिया में 5.57 करोड़ एक्टिव केस हैं। इनमें से 2.30 करोड़ अकेले अमेरिका में हैं। पूरी दुनिया में अब तक करीब 32.87 करोड़ से ज्यादा लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 26.74 करोड़ ठीक हो चुके हैं। वहीं, 55.57 लाख ने जान गंवाई है।
सिंध प्रांत में मास्क ने पहनने पर कटेगी सैलरी
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में उन सरकारी कर्मचारियों की एक दिन की सैलरी कटौती की घोषणा की गई है जो मास्क नहीं पहनेगा। प्रांत में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए ये निर्देश जारी किए गए हैं। यहां कोरोना पॉजिटिविटी रेट 35% पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री मुराद अली शाह की अध्यक्षता में सीएम हाउस में कोरोना टास्क फोर्स की बैठक हुई, जिसमें शाह ने कहा कि जो अधिकारी मास्क नहीं पहनेंगे, उन्हें जुर्माना भरना पड़ेगा।
चीन के लॉकडाउन से सप्लाई चेन प्रभावित होगी
आने वाले दिनों में दुनिया में सप्लाई चेन और ज्यादा प्रभावित हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि चीन दुनिया का तीसरा बड़ा ग्लोबल मैन्युफैक्चरर है और यहां ओमिक्रॉन वैरिएंट का केस सामने आने के बाद सख्त लॉकडाउन लगाया गया है।
दुनिया में अब तक कोरोना मामलों की स्थिति
कुल संक्रमित: 32.87 करोड़
ठीक हुए: 26.74 करोड़
एक्टिव केस: 5.57 करोड़
कुल मौतें: 55.57 लाख
दुनिया में कोरोना जुड़ी अन्य खबरें…
- कोवैक्स फैसिलिटी ने 100 करोड़ वैक्सीन सप्लाई का टारगेट पूरा किया
- कतर में कोविड-19 से तीन हफ्ते के बच्चे की मौत हो गई। महामारी की शुरुआत के बाद से गल्फ कंट्री में बच्चे की ये दूसरी मौत है।
- फ्रेंच पार्लियामेंट ने वैक्सीन पासपोर्ट को मंजूरी दी है। ये आने वाले दिनों में लागू होगा। वैक्सीन पासपोर्ट के बिना सार्वजनिक स्थानों में प्रवेश नहीं मिलेगा।