वॉशिंगटन:दुनिया में बीते दिन 32.66 लाख नए संक्रमितों की पहचान हुई है। 10.70 लाख लोग ठीक हुए हैं और 5,698 लोगों की मौत हुई है। नए संक्रमितों के मामले में अमेरिका 4.04 लाख मरीजों के साथ टॉप पर है, जबकि 3.24 लाख मामलों के साथ फ्रांस दूसरे नंबर पर है। वहीं, 2.71 लाख नए केस साथ भारत तीसरे नंबर पर है।
बीते दिन केवल अमेरिका में ही 886 नई मौतें दर्ज की गई हैं। एक्टिव केस के मामले में अमेरिका टॉप पर है। पूरी दुनिया में 5.47 करोड़ एक्टिव केस हैं। इनमें से 2.27 करोड़ अकेले अमेरिका में हैं। पूरी दुनिया में अब तक करीब 32.66 करोड़ से ज्यादा लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 26.63 करोड़ ठीक हो चुके हैं। वहीं, 55.53 लाख ने जान गंवाई है।
बीजिंग में पहले ओमिक्रॉन संक्रमित की पुष्टि हुई है। बीजिंग में 4 से 20 फरवरी के बीच विंटर ओलिंपिक का आयोजन किया जा रहा है। ओमिक्रॉन संक्रमित मिलने के बाद संक्रमित व्यक्ति के इलाके में लॉकडाउन लगा दिया गया है। पश्चिमी बीजिंग जिले के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि संक्रमित व्यक्ति के घर और ऑफिस को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है। संक्रमित के घर और ऑफिस में काम करने वाले 2,430 लोगों के सैंपल कोविड जांच के लिए भेजे गए हैं।
दुनिया में अब तक कोरोना मामलों की स्थिति
कुल संक्रमित: 32.66 करोड़
ठीक हुए: 26.63 करोड़
एक्टिव केस: 5.47 करोड़
कुल मौतें: 55.53 लाख