वॉशिंगटन:दुनिया में बीते दिन 33.04 लाख नए संक्रमितों की पहचान हुई है। 12.27 लाख लोग ठीक हुए हैं और 7,867 लोगों की मौत हुई है। नए संक्रमितों के मामले में अमेरिका 8.37 लाख मरीजों के साथ टॉप पर है, जबकि 3.05 लाख मामलों के साथ फ्रांस दूसरे नंबर पर है। वहीं, 2.67 लाख नए केस साथ भारत तीसरे नंबर पर है।
बीते दिन केवल अमेरिका में ही 2,127 नई मौतें दर्ज की गई हैं, जो दुनियाभर की नई मौतों की एक तिहाई से ज्यादा है। एक्टिव केस के मामले में अमेरिका टॉप पर है। पूरी दुनिया में 5.29 करोड़ एक्टिव केस हैं। इनमें से 2.20 करोड़ अकेले अमेरिका में हैं। पूरी दुनिया में अब तक करीब 32.37 करोड़ से ज्यादा लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 26.52 करोड़ ठीक हो चुके हैं। वहीं, 55.46 लाख ने जान गंवाई है।
दुनिया में अब तक कोरोना मामलों की स्थिति
कुल संक्रमित: 32.37 करोड़
ठीक हुए: 26.52 करोड़
एक्टिव केस: 5.29 करोड़
कुल मौतें: 55.46 लाख
दुनिया में कोरोना जुड़ी अन्य खबरें…
अमेरिकी हेल्थ एजेंसी ने कहा- कम प्रभावी हैं कपड़ों से बने मास्क
अमेरिकी सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन(CDC) कपड़े वाले मास्क को लेकर अहम जानकारी दी है। CDC ने शुक्रवार को कहा कि कपड़े के मास्क दूसरे मास्क के मुकाबले कम प्रभावी हैं। CDC के मुताबिक, ढीले बुने हुए कपड़े के मास्क कम सुरक्षा प्रदान करते हैं। वहीं, कई लेयर वाले बारीक बुने मास्क अधिक सुरक्षित हैं।
डिस्पोजेबल सर्जिकल मास्क और KN95 कपड़े के मास्क की तुलना में अधिक सुरक्षा देते हैं। हेल्थ एजेंसी ने N95 मास्क को सबसे अधिक सुरक्षित बताया है। CDC ने कपड़े के मास्क को लेकर पहली बार ऐसी जानकारी दी है।
अमेरिका में मुफ्त कोविड टेस्ट किट के लिए वेवसाइट की घोषणा
अमेरिका में मुफ्त कोविड टेस्ट किट के लिए वेवसाइट की घोषणा की गई है। रैपिड टेस्ट किट के लिए यहां के लोग 19 जनवरी से वेबसाइट पर आर्डर कर सकेंगे। हालांकि, किट डिलीवर होने में 7 से 12 दिन लगेगा। राष्ट्रपति बाइडेन ने ओमिक्रॉन वैरिएंट के संक्रमण से निपटने के लिए 100 करोड़ रैपिड किट डिस्ट्रिब्यूट करने का ऐलान किया था।
स्वीडन की प्राइम मिनिस्टर मैग्डेलना एंडरसन पॉजिटिव
स्वीडन की प्रधानमंत्री मैग्डेलना एंडरसन भी कोरोना संक्रमित हो गई हैं। एंडरसन सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष भी हैं। 54 साल की एंडरसन की पार्टी के कुछ और नेता पहले ही पॉजिटिव आ चुके हैं। इसके पहले स्वीडन के किंग, क्वीन और क्राउन प्रिंसेस भी संक्रमित हुए थे।
एरिजोना में बाइडेन एडमिनिस्ट्रेशन का सख्त कदम
अमेरिकी राज्य एरिजोना के रिपब्लिकन गवर्नर और बाइडेन एडमिनिस्ट्रेशन में कोरोना एड फंड (कोरोना के लिए सहायता राशि) के इस्तेमाल को लेकर टकराव बढ़ गया है। ट्रेजरी डिपार्टमेंट ने एरिजोना के अधिकारियों से कहा है कि अगर वो स्कूलों में मास्क को जरूरी न बनाने के फैसले पर सही फैसला नहीं करते तो राज्य को जारी किया गया 4.2 अरब डॉलर का पेमेंट वापस लिया जा सकता है। इसके अलावा फ्यूचर पेमेंट्स भी रोके जा सकते हैं।
‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह बजट अमेरिकी संसद ने पास किया था, लेकिन एरिजोना के गवर्नर डग ड्यूसी और बाइडेन एडमिनिस्ट्रेशन के बीच गाइडलाइंस और कोरोना प्रोटोकॉल को लेकर शुरू से विवाद है। कई राज्यों के रिपब्लिकन गवर्नर केंद्र सरकार के फंड्स का इस्तेमाल कोरोना को रोकने के बजाय दूसरे कामों जैसे टैक्स में कमी या इमिग्रेशन पॉलिसी में बदलाव के लिए कर रहे हैं।
ट्रेजरी डिपार्टमेंट ने पिछले साल अक्टूबर में एरिजोना की एजुकेशन पॉलिसी को लेकर सवाल उठाए थे। तब भी वहां की सरकार ने इसमें जरूरी बदलाव नहीं किए थे। ट्रेजरी डिपार्टमेंट ने एरिजोना सरकार को लिखे लेटर में कहा है कि अगर 60 दिन में राज्य सरकार प्रोग्राम में जरूरी बदलाव नहीं करती तो जारी किए गए फंड को वापस लेने की प्रॉसेस शुरू की जा सकती है। यह वो पैसा होगा जिसका कोविड के बजाय दूसरे गैरजरूरी कामों में किया गया है। एरिजोना को अब तक 4.2 अरब डॉलर में से 2.1 जारी किए जा चुके हैं। पूरे अमेरिका के लिए बाइडेन एडमिनिस्ट्रेशन ने 1.9 खरब डॉलर का रिलीफ पैकेज जारी किया है।