ताइपे:चीन अपनी विस्तारवाद की नीति से बाज नहीं आ रहा है। ड्रैगन लगातार ताइवान में घुसपैठ की कोशिश करता रहता है। पांच चीनी सैन्य विमानों ने मंगलवार को ताइवान के वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (एडीआईजेड) में प्रवेश किया। आपको बता दें कि इस महीने यह नौवीं घुसपैठ थी।
पीपुल्स लिबरेशन आर्मी एयर फोर्स (PLAAF) के चार शेनयांग J-16 फाइटर जेट्स और एक शानक्सी Y-8 एंटी-सबमरीन वारफेयर प्लेन ने ADIZ के दक्षिण-पश्चिम कोने में उड़ान भरी। ताइवान समाचार ने देश के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय (MND) का हवाला देते हुए इसकी जानकारी दी है।
जवाब में, ताइवान ने भी अपने विमान भेजे। रेडियो चेतावनी जारी की और विमानों को ट्रैक करने के लिए वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली तैनात की।
ताइवान न्यूज ने बताया कि इस महीने अब तक कुल 35 चीनी विमानों को ताइवान के पहचान क्षेत्र में देखा गया है, जिसमें 23 लड़ाकू जेट और 12 स्पॉटर विमान शामिल हैं।
बीजिंग ताइवान पर पूर्ण संप्रभुता का दावा करता है। आपको बता दें कि मुख्य भूमि चीन के दक्षिण-पूर्वी तट पर स्थित लगभग 2.4 करोड़ लोगों का देश सात दशकों से अधिक समय से अलग-अलग हैं।
दूसरी तरफ ताइपे ने अमेरिका सहित लोकतंत्रों के साथ रणनीतिक संबंधों को बढ़ाकर चीनी आक्रामकता का मुकाबला किया है, जिसका बीजिंग द्वारा बार-बार विरोध किया गया है। चीन ने धमकी दी है कि “ताइवान की आजादी” का मतलब युद्ध है।