नई दिल्ली:देश में पिछले 24 घंटे में नए मामले फिर बढ़ गए हैं। मंगलवार को 1 लाख 93 हजार 007 नए कोरोना संक्रमित पाए गए। इस दौरान 60,148 मरीज ठीक हुए, जबकि 442 लोगों की मौत हुई है। देश में एक्टिव केस में भी 1.32 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कुल एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 9 लाख के पार हो गई है। अब देश में 9.47 लाख एक्टिव केस हैं
दिल्ली में मंगलवार को 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के कारण 23 लोगों की मौत हो गई है, जो तीसरी लहर के दौरान किसी एक राज्य में एक दिन में सबसे ज्यादा मौत हैं। उत्तर प्रदेश में भी पिछले सात दिन के दौरान प्रदेश में डेली केस की संख्या करीब 6 गुना बढ़ गई है। महाराष्ट्र में भी 22 मौत हुई हैं। हालांकि अच्छी खबर मुंबई से मिल रही है, जहां लगातार चौथे दिन नए केस की संख्या में कमी आई है।
देश में अब कुल 3.60 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें से 3.46 करोड़ लोग रिकवर हो चुके हैं। अब तक 4,84,655 लोगों की मौत हो चुकी है।
गडकरी ने ट्वीट से दी अपने कोरोना पॉजिटिव होने की खबर
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया हैं। गडकरी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘कोरोना के हल्के लक्षण दिखने के बाद मैंने कोरोना टेस्ट कराया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी जरूरी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है और मैं होम क्वारेंटाइन में हूं। मेरे संपर्क में आए उन सभी लोगों से मैं अनुरोध करता हूं कि वो खुद को आइसोलेट कर जांच कराएं।’
मुंबई में अब 1 लाख एक्टिव केस, महाराष्ट्र में 34 हजार नए मामले
मुंबई में नए केस घटने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को महानगर में 11,467 नए मामले और 2 मौत दर्ज की गई है, जो सोमवार को मिले 13,648 केस से कम है। रविवार को महानगर में 19,474 केस मिले थे। वहीं शनिवार को 20,318 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए थे। हालांकि मुंबई में कुल एक्टिव केस 1 लाख का आंकड़ा छूकर 1,00,523 हो गए हैं।
उधर, महाराष्ट्र में मंगलवार को फिर केस बढ़े हैं। सोमवार को राज्य में 33,470 केस मिले थे, लेकिन मंगलवार को ये फिर बढ़कर 34,424 हो गए। पिछले 24 घंटे के दौरान 22 मौत भी दर्ज की गई हैं। राज्य में कुल एक्टिव केस बढ़कर 2,21,477 हो गए हैं।
दिल्ली में 3 दिन में 57 मौत
दिल्ली में सोमवार को भी 17 लोगों की मौत हुई थी। राजधानी में अब पिछले 7 दिन के दौरान 87 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 57 की मौत पिछले 3 दिन में ही हुई है। दिल्ली से पहले महाराष्ट्र में 4 जनवरी को तीसरी लहर में एक दिन की सबसे ज्यादा 20 मौत सामने आई थीं।
पिछले 24 घंटे के दौरान नेशनल कैपिटल में 21,259 नए कोरोना मामले सामने आए हैं। सोमवार को यहां 19,166 नए केस मिले थे। अब राजधानी में सक्रिय मामलों की संख्या 74,881 है। पॉजिटिविटी रेट भी 25% से बढ़कर 25.65% हो गया है।
यूपी में सात दिन में 1985 से बढ़कर 11 हजार पर पहुंचे डेली केस
चुनावी समर में शामिल देश के पांच राज्यों में से एक उत्तर प्रदेश में कोरोना विस्फोटक रुख ले रहा है। राज्य में 5 जनवरी को 1985 नए संक्रमित मिले थे, जबकि मंगलवार को देश के सबसे ज्यादा आबादी वाले इस राज्य में 11,089 मामले सामने आए। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में 543 लोग डिस्चार्ज भी हुए और 5 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या अब 44,466 है।
कोरोना अपडेट्स
- कर्नाटक में पिछले 24 घंटे के दौरान 14,473 नए केस मिले हैं। राज्य में पॉजिटिविटी रेट 10% हो गया है। अकेले बेंगलुरु में ही 10,800 नए मामले पाए गए हैं।
- कर्नाटक सरकार ने बढ़ते पॉजिटिविटी रेट पर रोक लगाने के लिए अतिरिक्त बैन लगा दिए हैं। महाराष्ट्र, गोवा और केरल से राज्य में एंट्री लेने वाले सभी लोगों के इन्टेंसिव सर्विलांस के आदेश दिए गए हैं।
- पश्चिमी बंगाल में 21,098 नए केस मिले हैं, जिससे कुल मामले बढ़कर 17,95,430 हो गए हैं। राज्य में मंगलवार को सोमवार के मुकाबले 1,812 नए केस ज्यादा मिले हैं। राज्य में 19 लोगों की मौत हुई है, जिससे कुल मौत 19,936 हो गई हैं।
- केरल में मंगलवार को 9,066 नए केस मिले हैं, जबकि 2064 लोग ठीक हो गए। मंगलवार को 19 मौत दर्ज की गई हैं।
- जम्मू-कश्मीर में ओमिक्रॉन वैरिएंट का पहला केस सामने आया है। यहां एक ही दिन में 5 लोग इस नए वैरिएंट से संक्रमित मिले हैं। इनमें दो स्थानीय लोग हैं, जबकि 3 टूरिस्ट्स हैं।
- कर्नाटक कांग्रेस के 40 नेताओं के खिलाफ कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने के मामले में FIR दर्ज की गई है। इनमें कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार, पूर्व मंत्री कृष्ण गौड़ा, नारायणस्वामी जैसे नेता भी शामिल हैं। कांग्रेस नेताओं ने बड़ी संख्या में डीके शिवकुमार के गृह नगर डोड्डालाहल्ली से कनकपुरा तक पद 15 किलोमीटर तक पद यात्रा निकाली थी।
- कोरोना संक्रमण के कारण आइसोलेट किए गए छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के सैंपल में ओमिक्रॉन वैरिएंट मिला है। वे 2 जनवरी को UAE से लौटने के बाद पॉजिटिव मिले थे। इसके बाद उनका सैंपल जीनोम सीक्वेसिंग के लिए भेजा गया था। मंगलवार को प्रदेश के 4 नए ओमिक्रॉन मरीज मिले हैं, जिनमें सिंहदेव भी एक हैं।
- बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना से 5 लोगों की मौत हुई है, जबकि 5908 नए संक्रमित मिले हैं। सबसे ज्यादा 2202 केस पटना में मिले हैं। उधर, PM नरेंद्र मोदी ने संक्रमित मिले CM नीतीश कुमार को फोन कर उनका हाल पूछते हुए जल्द स्वस्थ होने की शुभकामना दी है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कोरोना संक्रमित पाए गए कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई को फोन कर उनका हालचाल लिया है। साथ ही जल्द स्वस्थ होने की शुभकामना दी है।
- टीम इंडिया के युवा बॉलिंग ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कोविड होने के बाद उनका साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में खेलने पर सस्पेंस बढ़ गया है। भारत और अफ्रीका के बीच पहला वनडे 19 जनवरी को खेला जाएगा।
- दिल्ली में सभी प्राइवेट ऑफिस और रेस्टोरेंट-बार बंद करने का आदेश दिया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) की बैठक में ये फैसला किया गया। हालांकि, लोगों को वर्क फ्रॉम होम की अनुमति दी गई है।
- कोरोना की नेशनल टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप (NTAGI) के चेयरमैन डॉ. एन. के. अरोड़ा ने मोलनुपिराविर कैप्सूल को लेकर नई जानकारी दी है। उन्होंने मंगलवार को बताया कि रिप्रोडक्टिव ऐज के लोगों को ये कैप्सूल नहीं दी जानी चाहिए। हालांकि, गंभीर बीमारी से पीड़ित बुजुर्गों को यह दवा दी जा सकती है। कैप्सूल का गलत इस्तेमाल खतरनाक साबित हो सकता है।
- दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को बताया कि दिल्ली में पिछले दिनों 22,000 कोरोना केस के साथ 24-25% पॉजिटिविटी रेट दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि राजधानी में लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा। सरकार कोरोना पेशेंट्स के लिए बुधवार से ऑनलाइन योग क्लास शुरु करेगी। इसके लिए होम आइसोलेशन वाले पेशेंट्स को योग क्लास की वेब लिंक भेजी जाएगी।
- मुंबई में पिछले 24 घंटे में 120 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, 1 पुलिसकर्मी की मौत हुई है।
- हरिद्वार जिला प्रशासन ने 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं के स्नान करने पर पाबंदी लगा दी है। हरिद्वार के DM विनय शंकर पांडे ने बताया कि जिले में 14 जनवरी की रात 10 बजे से 15 जनवरी सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। इस दौरान हर की पौड़ी इलाके में भी एंट्री बैन रहेगी।
- देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच PM मोदी ने आज सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मीटिंग बुलाई है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली मीटिंग में संक्रमण रोकने को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
- हेल्थ मिनिस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोविड पॉजिटिविटी रेट अब 10.64% है। वहीं, ओमिक्रॉन केस की कुल संख्या बढ़कर 4,461 हो गई है। इनमें से 1,711 मरीज ठीक हो चुके हैं।
- देश में सोमवार 10 जनवरी को 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को प्रीकॉशन डोज लगाने की शुरुआत हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने मंगलवार को ट्वीट कर बताया कि बीते दिन 10.30 लाख से ज्यादा लोगों को प्रीकॉशन डोज लगाया जा चुका है।
- दिल्ली की अलग-अलग जेलों में बंद कुल 66 कैदी और 48 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें तिहाड़ जेल के 42 कैदी और 34 कर्मचारी, मंडोली जेल के 24 कैदी और 8 कर्मचारी और रोहिणी जेल के 6 कर्मचारी शामिल हैं।