नई दिल्ली:देश में ओमिक्रॉन संक्रमितों का आंकड़ा मंगलवार को 2000 पार पहुंच गया। अब तक देश में कुल 2220 ओमिक्रॉन संक्रमितों की पुष्टि हुई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में 272 नए मामले सामने आए। ओमिक्रॉन संक्रमण देश के 24 राज्यों सहित केंद्र शासित प्रदेशों में फैल चुका है।
महाराष्ट्र में नए वैरिएंट के सबसे ज्यादा 653 संक्रमित मिले हैं। दिल्ली 382 संक्रमितों के साथ दूसरे नंबर पर है। इसके अलावा केरल, कर्नाटक और राजस्थान में ओमिक्रॉन के ज्यादातर केस मिले हैं।
MP में कोविड सस्पेक्टेड वार्ड में दो मरीजों की मौत, इंदौर में हालात खराब
मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। जबलपुर 23 नए संक्रमित मिले हैं। मेडिकल कॉलेज के कोविड सस्पेक्टेड वार्ड में भर्ती 72 और 45 साल के दो मरीजों की मौत हुई है। कोविड जैसे लक्षण होने पर दोनों को यहां एडमिट कराया गया था। प्रशासन का दावा है कि दोनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
इंदौर में एक दिन में 319 मरीज सामने आए हैं। ACS पशुपाल जेएन कंसोटिया, पत्नी और बेटी समेत संक्रमित मिले हैं। वह मंगलवार को कैबिनेट बैठक में शामिल थे। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत फिर संक्रमित हो गए हैं।
मुंबई आने वाले सभी विदेशी यात्रियों को एयरपोर्ट पर RT-PCR टेस्ट कराना होगा, BMC ने जारी की गाइडलाइन
BMC की नई गाइडलाइन के मुताबिक मुंबई आने वाले सभी विदेशी यात्रियों को एयरपोर्ट पर अनिवार्य रूप से रैपिड RT-PCR टेस्ट करवाना होगा। BMC के असिस्टेंट म्युनिसिपल कमिश्नर किरण दिघवकर ने ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी। RT-PCR टेस्ट के बाद अगर रिपोर्ट नेगेटिव आती है तो यात्री जा सकते हैं, लेकिन उन्हें 7 दिन तक होम क्वारैंटाइन में रहना होगा। जिन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आएगी उन्हें सेवन हिल्स हॉस्पिटल में एडमिट कराया जाएगा।
5 सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र
यहां मंगलवार को 18,466 लोग संक्रमित पाए गए। 4558 लोग ठीक हुए और 20 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 67.30 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 65.18 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.41 लाख लोगों की मौत हो गई। 66,308 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
2. पश्चिम बंगाल
यहां मंगलवार को 9073 लोग संक्रमित पाए गए। 3768 लोग ठीक हुए और 16 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.64 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 16.19 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 19,810 लोगों की मौत हो गई। 25,475 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
3. दिल्ली
यहां मंगलवार को 5481 लोग संक्रमित पाए गए। 1575 लोग ठीक हुए और 3 मौतें दर्ज की गई। अब तक राज्य में 14.63 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14.23 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 25,113 लोगों की मौत हो गई। 14,889 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
4. केरल
यहां मंगलवार को 3640 लोग संक्रमित पाए गए। 2363 लोग ठीक हुए और 30 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 52.58 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 51.89 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 48,637 लोगों की मौत हो गई। 20,180 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
5. तमिलनाडु
यहां मंगलवार को 2731 लोग संक्रमित पाए गए। 674 लोग ठीक हुए और 9 मरीजों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 27.55 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 27.06 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 36,805 लोगों की मौत हो गई। 12,412 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।