नई दिल्ली:पंजाब के लुधियाना जिला अदालत परिसर में हुए ब्लास्ट में मारे गए व्यक्ति की पहचान कर ली गई है। ब्लास्ट में मारे गए शख्स का नाम गगनदीप सिंह था। गगनदीप पूर्व पुलिसकर्मी था। ड्रग लिंक के मामले में उसे दो साल की सजा मिलने के बाद साल 2019 में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। घटना से परिचित लोगों कहा कि गगनदीप को इसी साल सितंबर महीने में रिहा किया गया था।
जाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार ने लुधियाना जिला अदालत परिसर में हुए बम विस्फोट मामले की जांच कर उसके कारणों का पता लगाने के लिए केंद्र सरकार से मदद मांगी है। चन्नी ने कहा कि उन्होंने विस्फोट के कुछ घंटे बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की। इसके बाद केंद्र ने बम विस्फोट की जांच के लिए पंजाब में कुछ टीम भेजी हैं।
लुधियाना की जिला अदालत परिसर में गुरुवार को हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गए। इसके बाद पंजाब सरकार ने राज्य भर में हाई अलर्ट जारी कर दिया। अदालत परिसर के दूसरे तल पर हुए विस्फोट में परिसर की एक दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और वहां पार्किंग में खड़े कुछ वाहनों के कांच टूट गए थे।
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरेन रिजीजू ने शुक्रवार को लुधियाना जिला अदालत का दौरा किया। उन्होंने कहा कि देश के साथ राज्य में शांति और सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे घरेलू और विदेशी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए केंद्र और राज्य मिलकर काम करेंगे।