नई दिल्ली:कोरोना की दूसरी लहर के दौरान महाराष्ट्र में सबसे खराब स्थिति बनी थी। शनिवार को यहां ओमिक्रॉन का पहला और देश का चौथा मामला सामने आया है। इससे पहले विदेश से आए अब तक 13 लोग संक्रमित पाए गए हैं। शनिवार को 3 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इन लोगों की RT-PCR रिपोर्ट जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए लैब भेजी गई है। तब तक इन्हें क्वारैंटाइन किया गया है और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मुंबई के पास कल्याण डोंबिवली का रहने वाला यह शख्स साउथ अफ्रीका से लौटा था। उसकी उम्र 33 साल है। वह साउथ अफ्रीका से दुबई, फिर दिल्ली और वहां से 24 नवंबर को मुंबई आया था। उसने अब तक कोरोना की वैक्सीन नहीं लगवाई है। मुंबई में उतरते वक्त उसे हल्का बुखार था। इसके अलावा उसमें कोरोना का कोई और लक्षण नहीं दिखा। ट्रीटमेंट के लिए उसे कल्याण के कोविड केयर सेंटर में रखा गया था।
संक्रमित मरीज संपर्क में आए 12 हाई रिस्क और 23 लो-रिस्क कॉन्टैक्ट ट्रेस किए गए हैं। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। दिल्ली-मुंबई फ्लाइट में उसके साथ सफर करने वाले 25 को-पैसेंजर्स का टेस्ट भी निगेटिव आया है। इससे पहले कर्नाटक में दो और गुजरात के जामनगर में एक मरीज में नए वैरिएंट की पुष्टि हुई थी।
भारत में छटवीं बार एक दिन में 1 करोड़ से ज्यादा डोज लगे
भारत ने एक बार फिर एक दिन में कोरोना वैक्सीन के एक करोड़ से ज्यादा डोज लगाने का रिकॉर्ड बनाया है। देश में अब तक 6 बार ऐसा हुआ है, जब एक दिन में एक करोड़ से ज्यादा टीके लगे हों। इससे पहले 27 सितंबर को ऐसा हुआ था। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को बताया कि देश में हर घर दस्तक अभियान जोरों पर चल रहा है। इससे वैक्सीनेशन का दायरा बढ़ाने में मदद मिली है। यही वजह है कि भारत ने इस मामले में एक और मील का पत्थर पार किया है।