हत्यारे ने 80 किलोमीटर दूर तक पीछा किया
न्यूयार्क। अमेरिका के न्यूजर्सी में एक दवा कंपनी के भारतवंशी सीईओ की लूट के इरादे से गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह कैसिनो में करीब दस हजार डालर (करीब साढ़े सात लाख रुपये) जीते थे और एक बंदूकधारी व्यक्ति ने 80 किलोमीटर दूर तक उनका पीछा किया था।
पुलिस ने हत्यारोपी किया गिरफ्तार
पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस हत्यारोपी से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, भारतीय मूल के सीईओ की पहचान ओरेक्स लेबोरेटरी के प्रमुख श्री रंगा अरवापल्ली के रूप में हुई। 54 वर्षीय अरवापल्ली गुरुवार तड़के न्यूजर्सी के प्लेंसबोरो स्थित अपने घर जैसे ही पहुंचे, उसी समय बंदूकधारी भी पहुंच गया और गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। यह घटना जिस समय हुई, उस समय घर में अरवापल्ली की पत्नी और बेटी सो रही थी। काउंटी अभियोजक योलांडा सिकोने और प्लेंसबोरो पुलिस प्रमुख फ्रेड टैवेनेर ने संयुक्त बयान में कहा कि कथित हत्यारे जेकाइ रेडजान ने अरवापल्ली को निशाना बनाया।
कैसिनो से घर तक अरवापल्ली का पीछा किया
उसने कैसिनो से घर तक अरवापल्ली का पीछा किया था। उनको कई गोलियां मारी गई थीं। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिए गए। हत्या का मामला दर्ज किया गया है और स्थानीय अधिकारियों ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। अरवापल्ली वर्ष 2014 से ओरेक्स लेबोरेटरी के सीईओ थे।
न्यूजर्सी में भारतवंशी सीईओ की गोलीमार कर हत्या
Leave a comment
Leave a comment