मुंबई:सारी आशंकाओं को दरकिनार करते हुए घरेलू शेयर बाजार हरे निशान पर खुला। दिन के ज्यादातर हिस्से में सेंसेक्स-निफ्टी हरे निशान पर कारोबार करते नजर आए, लेकिन आखिरी आधे घंटे में बाजार का मूड बिगड़ गया। सेंसेक्स 810.98 अंकों के नुकसान के बाद 30,579.09 के स्तर पर बंद हुआ तो वहीं निफ्टी 9000 के नीचे । सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार में भारी गिरावट को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही थी भारतीय स्टॉक मार्केट के लिए मंगलवार का दिन अमंगल साबित होगा पर गिरावट बहुत ज्यादा नहीं हुई। इस दौरान यस बैंक के शेयर में भारी उछाल देखने को मिला। 21.55 ( 58.09% ) रुपये की उछाल के बाद 58.65 पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में यह न्यूनतम 40.80 रुपये और अधिकतम 64.90 रुपये तक गया।

बता दें सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार में कोरोना के कहर से हाहाकार मच गया था। डाउ जोंस, नैस्डैक व एसएंडपी के लिए यह ‘ब्लैक मंडे’ साबित हुआ। डाउ जोंस खुलते ही 2748.64 अंक गिर गया। तीन दिन के अंदर ही एक बार फिर लोअर सर्किट लगा और कारोबार को 15 मिनट के लिए रोक दिया गया।

इसलिए भारी गिरावट के थे आसार
12 मार्च को जब अमेरिकी शेयर बाजार में भारी गिरावट हुई थी तो इसका असर अगले ही दिन भारतीय शेयर मार्केट पर दिखाई दिया था। 13 मार्च को सेंसेक्स खुलते ही 3600 प्वाइंट तक गिर गया था और यहां लोअर सर्किट की वजह से ट्रेडिंग रोकनी पड़ी थी। डाउ जोंस सोमवार को 12.9 फीसद लुढ़क कर 21188 के स्तर पर आ गया। वहीं नैस्डैक में भी 12.32 फीसद और एसएंडपी 500 में 11.98 फीसद की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
कच्चा तेल का भाव 2.96 प्रतिशत मजबूत
मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच बिचौलियों के सौदे बढ़ाने से मंगलवार को वायदा बाजार में कच्चा तेल का भाव 2.96 प्रतिशत मजबूत होकर 2,225 रुपये प्रति बैरल पर पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में मार्च डिलिवरी के लिए कच्चा तेल 64 रुपये या 2.96 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,225 रुपये प्रति बैरल पर पहुंच गया। इसमें 32,886 लॉट के लिए कारोबार हुआ। इसी तरह अप्रैल डिलिवरी के लिए कच्चा तेल 65 रुपये या 2.92 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,289 रुपये प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया। इसमें 2,121 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

