अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में ढाई साल की बच्ची की हत्या के बाद भी वहशियों ने उसके शरीर पर ढेरों जख्म दिए। मामला मीडिया में आया तो पूरे देश में इस घटना के बाद आक्रोश की लहर है। लोग दरिंदों को सजा देने के लिए अलग-अलग तरीके बता रहे हैं, पीड़ित परिवार को न्याय के लिए तख्तियां दिखा रहे हैं। उधर, वारदात को अंजाम देने वाले तीसरे आरोपी मेहदी हसन को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से हत्या के मामले में पूछताछ की जा रही है। मेहदी हसन से पहले बच्ची के पिता की शिकायत पर इस मामले में जाहिद और असलम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मां-बाप द्वारा उधार लिए गए महज 10 हजार रुपये न चुकाने पर बच्ची से बर्बरता की लोगों ने सोशल मीडिया पर भी तीखी आलोचना की है। बता दें कि मामला तूल पकड़ने के बाद गुरुवार देर रात पांच पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया गया था। आरोप है कि बच्ची जब गायब हुई थी तो इन्होंने रिपोर्ट नहीं लिखी थी और जांच में भी देरी की। पीड़ित परिवार ने जब प्रदर्शन शुरू किया और आत्महत्या की धमकी दी, तब पुलिस जागी दो लोगों की गिरफ्तारी की गई।
वारदात अलीगढ़ के टप्पल की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित जाहिद से बच्ची के परिवार ने 50 हजार रुपये उधार लिए थे। इनमें से 10 हजार बकाया थे, पैसे नहीं देने पर 28 मई को जाहिद की बच्ची के दादा से कहासुनी हुई। इसके बाद 30 मई को जाहिद ने बच्ची को अगवा किया और उसकी हत्या कर साथी असलम की मदद से शव को ठिकाने लगाया। परिवार को बच्ची का शव 2 जून को घर के पास क्षत-विक्षत हालत में कूड़े के ढेर में मिला था।
कस्बा टप्पल में हुई ढाई साल की मासूम बच्ची की निर्मम हत्या के आरोप में जेल भेजा गया असलम काफी शातिर किस्म का अपराधी रहा है। उसने दिल्ली सहित अपने क्षेत्र में कई घटनाओं को अंजाम दिया है, जिसके चलते उसके खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हैं। असलम के खिलाफ दिल्ली के गोकुल पुरी थाना क्षेत्र से एक बच्चे के अपहरण का केस दर्ज है, बाद में यह बच्चा असलम के पास ही बरामद किया गया था। इसके अलावा टप्पल थाने में ही उसके खिलाफ घर में घुसकर छेड़छाड़ करने, अपनी ही पुत्री के साथ दुष्कर्म करने और यूपी गुंडा ऐक्ट के तहत तीन मुकदमे भी दर्ज हैं।
अलीगढ़ मर्डर केस: जाहिद, असलम और अब तीसरा आरोपी मेहदी हसन भी अरेस्ट

