मुंबई:तमाम विवादों के बावजूद कंगना रनोट की झोली मेगा बजट फिल्मों से भरी हुई है। मणिकर्णिका.. के बाद अब वे एक और मेगाबजट फिल्म जयललिता बायोपिक शुरू करने वाली हैं। इन दिनों वे मनाली में हैं जहां वो इस फिल्म की रीडिंग कर रही हैं। 9 अगस्त को वो मुंबई लौटकर फिल्म से जुड़ी बाकी तैयारियों पर काम शुरू करेंगी। फिल्म का बजट 80 करोड़ से ऊपर का बताया जा रहा है। इसे जजमेंटल है क्या के को- प्रोड्यूसर रहे शैलेश आर सिंह प्रोड्यूस कर रहे हैं। इसलिए फिल्म में होंगे दोनों इंडस्ट्री के कलाकार चूंकि यह कहानी जयललिता की है जो साउथ की सुपरहिट एक्ट्रेस और फिर वहां की पसंदीदा सीएम भी रह चुकी हैं। ऐसे में मेकर्सफिल्म को वहां का टच देने के लिए टॉलीवुड के भी कलाकारों की कास्टिंग करेंगे। हालांकि, यह फिल्म दो लैंग्वेजेस (तमिल और हिंदी) में बन रही है। यह भी वजह है कि दोनों इंडस्ट्रीज से कलाकार कास्ट किए जा रहे हैं। साउथ के नामी स्टार्स को भी ऑन बोर्ड लाया जा रहा है।
यह एक मेगा बजट फिल्म है। इसके लिए कंगना को 21 करोड़ दिए गए हैं। फिल्म की मेकिंग का बजट 80 करोड़ से ऊपर रहने वाला है। वे इसकी तैयारियों पर अगस्त के पहले हफ्ते से जुटेंगी।’ – शैलेश आर. सिंह, प्रोड्यूसर
फिल्म धाकड़ में भी करेंगी दमदार एक्शन
जयललिता के अलावा कंगना के खाते में धाकड़ जैसी बड़े बजट की फिल्म भी है। वे इसमें हार्डकोर एक्शन करती नजर आएंगी। कंगना कहती हैं, धाकड़ में मैं एक बार फिर से एक्शन करती नजर आऊंगी। हो सकता हैं कि यह फिल्म मुझे मणिकर्णिका की वजह से ही मिली हो। लोगों ने जब रानी लक्ष्मीबाई के तौर पर मुझे स्क्रीन पर एक्शन करते देखा और तालियां बजाईं तो मुझे भरोसा हो गया कि धाकड़ में भी दर्शक मुझे एक्शन करते देख पसंद करेंगे। उम्मीद है कि आगे दर्शक फीमेल सुपर हीरो को भी एक्सेप्ट करेंगे।
अब आया एक्ट्रेस का दौर: कंगना
अब ऐसा दौर आ गया है, जब सिर्फ एक्ट्रेसेस पर भी मोटी रकम लगाई जा सकती है और उसकी रिकवरी भी मुमकिन है। मेरी तनु वेड्स मनु रिटर्न्स और मणिकर्णिका दोनों ही बड़े बजट की वुमन सेंट्रिक फिल्में थीं। इसके बावजूद दोनों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन किया। आज बड़े मेकर्स भी अभिनेत्रियों पर बड़ा दांव लगा रहे हैं।

