मुंबई: आईसीसी क्रिकेट वनडे विश्व कप के शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं. टीम इंडिया के इस बार चैम्पियन बनने का समर्थन करने वालों में अब एक नाम और जुड़ गया है. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन ने अब कहा है कि भारत के पास इस बार का विश्व कप आना चाहिए. उन्होंने भारत की विश्व कप टीम को संतुलित करार दिया और कहा कि खिताब जीतने के अलावा कोई अन्य नतीजा दो बार की चैंपियन टीम के लिए निराशाजनक होगा.
दो बार विश्व कप आ चुका है भारत
विश्व कप इंग्लैंड में 30 मई से शुरू होगा. भारत ने 1983 और 2011 में विश्व कप जीता है. गौरतलब है कि भारत ने 1983 में जो विश्व कप जीता था वह इंग्लैंड में ही हुआ था. उस समय टीम ने कपिलदेव की कप्तानी में विश्व कप जीता था. वहीं 2011 का विश्व कप भारत ने एमएस धोनी की कप्तानी में जीता था. जबकि धोनी अपनी कप्तानी में 2015 का विश्व कप नहीं जिता सके थे. धोनी इस बार विश्व कप टीम इंडिया का हिस्सा तो हैं, लेकिन कप्तानी की कमान विराट कोहली के हाथ में है.
यह दलील दी अजहर ने भारत की जीत की
अजहर ने इस बात का कारण भी बताया कि टीम इंडिया इस बार कप क्यों जीत सकती है. अजहरूद्दीन ने कहा, ‘‘भारत के पास काफी अच्छा मौका है (विश्व कप में) क्योंकि हमारी टीम काफी संतुलित है. हमारे पास अच्छे गेंदबाज, अच्छे बल्लेबाज हैं और हमारा क्षेत्ररक्षण भी काफी अच्छा है और पिछले कुछ समय में इसमें काफी सुधार हुआ है.’’ उल्लेखनीय है कि अजहर के अलावा कई विदेशी दिग्गज भी भारत को जीत का प्रबल दावेदान मान चुके हैं.
अजहर सपना पूरा नहीं कर सके थे, अब विराट करेंगे
भारत की ओर से 99 टेस्ट खेलने वाले अजहरूद्दीन बांद्रा में एक सैलून के उद्घाटन के बाद बोल रहे थे. भारत विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत पांच जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगा. उन्होंने कहा, ‘‘भारत अगर विश्व कप नहीं जीतेगा तो मुझे निराशा होगी और मैं उम्मीद कर रहा हूं कि हम कप जीतकर लाएंगे.’’ अजहर ने विश्व कप में 1992, 1996 और 1999 में भारत की अगुआई की थी.
क्या विराट कोहली का आईपीएल में निराशाजनक प्रदर्शन असर डालेगा
अजहरका मानना है कि आईपीएल में बेंगलुरू की ओर से खेलते हुए कप्तान विराट कोहली की खराब फार्म को अधिक तवज्जो नहीं देनी चाहिए. बेंगलुरू की टीम टूर्नामेंट के लीग चरण से ही बाहर हो गई. अजहर ने कहा, ‘‘उतार-चढाव जीवन का हिस्सा हैं. लेकिन उनके रिकार्ड और आंकड़े को देखें तो चिंता की कोई बात नहीं है. मुझे लगता है कि उसने अपना सर्वश्रेष्ठ विश्व कप के लिए बचाकर रखा है.’’

