जयसिंहपुर प्रवास का द्वितीय दिन, शांतिदूत की अभिवंदना में श्रद्धालुओं की प्रस्तुतियां
05-03-2020, गुरुवार, जयसिंहपुर, महाराष्ट्र। जयसिंहपुर प्रवास का द्वितीय दिवस। शांतिदूत आचार्य श्री महाश्रमण के पावन चरण अपने नगर में पाकर हर जाति, समाज के लोग अपने आप को धन्य महसूस कर रहे थे। करुणासागर श्री महाश्रमण ने भी महती कृपा कर भ्रमण के दौरान भगवान पार्श्वनाथ मंदिर, दिगंबर जैन मंदिर, स्थानकवासी भवन एवं मूर्तिपूजक धर्मनाथ मंदिर सहित माहेश्वरी समाज, हनुमान मंदिर, जयसिंहपुर ग्राम देवता मंदिर में पगलिया कर मंगल पाठ प्रदान किया। वही अनेक वरिष्ठ एवं अस्वस्थ श्रद्धालुओं के निवास पर पधार कर पूज्य आचार्य श्री ने दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया।
प्रवचन सभा में ज्ञान गंगा प्रवाहित करते हुए महातपस्वी श्री महाश्रमण ने कहा–आदमी के भीतर अनेक प्रकार की वृत्तियां होती है। एक वृत्ति अहंकार की होती है। व्यक्ति को जब कुछ मिल जाता है तो वह अहंकार कर लेता है। मेरे पास इतनी संपत्ति हैं, ज्ञान है या मैं इतने उच्च पद पर हूं उसका अहंकार नहीं होना चाहिए। किसी को अपनी सुंदरता या अन्य चीज का भी अहंकार हो सकता है। चेहरे की सुंदरता की अपेक्षा जीवन में कितने गुण है यह विशेष बात होती है। अहंकार तो पतन की ओर ले जाता है और अहंकार नहीं करने वाला उत्थान को प्राप्त करता है। अहंकार को मृदुता से जीतना चाहिए। जो दुर्वृत्ति होती है उसके प्रतिपक्ष में भावना करने से दुर्वृत्ति कमजोर हो जाती है। अभिमान को तो मदिरापान के समान कहा गया है। अभिमान में भी व्यक्ति मत्त हो जाता है।
आचार्य श्री ने आगे कहा कि अहंकार किस चीज का करें। न जाने कितनी बार हमारा जीव बोर की गुठली बन पैरों में आया होगा। ज्ञान का भी अहंकार क्यों हो अपने भीतर के अज्ञान को जानने वाला ज्यादा महान होता है। पद भी हो तो व्यक्ति उसका सेवा में उपयोग ले। पद तो माध्यम है। जीवन में मृदुता के भाव आए और अहंकार से मुक्त हो ऐसा प्रयास करें।
इस अवसर पर साध्वीवर्या संबुद्धयशा जी ने उद्बोधन प्रदान किया। अभिवंदना के क्रम में तेरापंथ महिला मंडल अध्यक्ष पुष्पा बरडिया, तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष संदीप बरडिया, कनक शाह, महाप्रज्ञ मराठी साहित्य समिति अध्यक्ष विजय रूणवाल, गौतम बरडिया, मंजू बरडिया ने विचार अभिव्यक्ति दी। तेरापंथ महिला मंडल, स्थानकवासी मंडल, मूर्तिपूजक महिला मंडल की सदस्यों ने गीतों की प्रस्तुति दी। ज्ञानशाला के बच्चों ने अपनी प्रस्तुति द्वारा नशा मुक्ति के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के पश्चात आचार्य प्रवर का मूर्तिपूजक तपागच्छ के आचार्य अभयशेखरजी से आध्यात्मिक मिलन हुआ। इस अवसर पर दोनों आचार्यों के लिए संक्षिप्त वार्तालाप भी हुआ।

