कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि हमने बांग्ला को आगे बढ़ाना होगा।मैं जब बिहार, उत्तर प्रदेश या पंजाब जाती हूं, उन्हीं की भाषा में बात करती हूं। अगर आप बंगाल में हैं, तो आपको बांग्ला बोलनी ही होगी। मैं उन अपराधियों को बर्दाश्त नहीं करूंगी, जो बंगाल में रहते हैं, और मोटरसाइकिलों पर घूमते रहते हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि ममता बनर्जी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बना कर ही यह चेतावनी जारी की है।जानकारी हो कि चुनावी हिंसा में मारे जा रहे लोगों पर तृणमूल कांग्रेस का यही कहना है कि बाहर से आए लोग ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। हालांकि भाजपा का कहना है कि टीएमसी के कार्यकर्ता पुलिस प्रशासन की शह पर राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रहे हैं। राज्य में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है।
जानकारी हो कि पिछले दिनों भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए ममता बनर्जी ने यह भी कहा था कि वह पश्चिम बंगाल को गुजरात नहीं बनने देंगी। बता दें कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने डॉक्टर्स की हड़ताल को लेकर विपक्षी भाजपा और सीपीएम पर हमला बोला है। ममता ने कहा कि विपक्षी दल डॉक्टर्स को भड़का रहे हैं और मामले को सांप्रदायिक रंग दे रहे हैं।
इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने डॉक्टर्स की हड़ताल को लेकर ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर कहा, ‘ममता बनर्जी, आप प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री भी हैं। आपके अहंकार के कारण पिछले चार दिनों में कितने लोगों ने मौत का दरवाज़ा खटखटाया है…। कुछ तो शर्म करो…।’
अगर बंगाल में रहना है तो बांग्ला बोलना पड़ेगा:ममता बनर्जी

