लंदन: पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर अब्दुल रज्जाक ने हार्दिक पंड्या को उनके साथ ट्रेनिंग करने का प्रस्ताव दिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में पंड्या ने टीम इंडिया के स्कोर 46 रन का अहम योगदान दिया। उन्होंने धोनी के साथ 70 रन की साझेदारी कर भारत को मुश्किल हालात से बाहर निकाला। उन्होंने एक विकेट भी लिया। हालांकि, रज्जाक को हार्दिक में तकनीक की कमी दिखी। इसके बाद उन्होंने ट्वीट कर हार्दिक को सलाह दी।
हार्दिक के फुटवर्क पर भी काम करने की जरूरत
रज्जाक ने कहा, “आज मैंने हार्दिक का खेल करीब से देखा। गेंद पर तगड़ा शॉट लगाने के दौरान मुझे उसके शारीरिक संतुलन में काफी गलतियां दिखाई दीं। मैंने उनका फुटवर्क भी देखा और लगता है कि यह भी उन्हें कई बार पीछे ढकेलता है।”
रज्जाक ने दूसरे ट्वीट में कहा, “अगर मैं उसे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में कोचिंग दे सका, तो मैं उसे सबसे बेहतर ऑलराउंडर बना दूंगा। अगर बीसीसीआई उसे बढ़िया ऑलराउंडर बनाना चाहे तो मैं हमेशा मौजूद रहूंगा।”
लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हार्दिक
हार्दिक ने वेस्टइंडीज के खिलाफ गेंदबाजी में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उसके सलामी बल्लेबाजी सुनील अम्ब्रीश का विकेट हासिल किया। पाकिस्तान के खिलाफ भी उन्होंने 19 गेंद पर 26 रन बनाए थे और मोहम्मद हफीज और शोएब मलिक के अहम विकेट लिए थे।

