मुंबई:एक व्यक्ति, जिसे फिल्म ‘भारत’ की कामयाबी से बड़ा फायदा हुआ। वह कोई और नहीं, बल्कि सुनील ग्रोवर हैं, जो कई सालों से लोगों को अपने अंदाज से गुदगुदा रहे हैं। काफी सम्मान के बाद एक और लाभ उन्हें मिला, वह है लड़कियों का अटेंशन, जो फिल्म भारत की सफलता के बाद उनके हिस्से जुड़ा है। इस उपलब्धि से सुनील ग्रोवर काफी खुश भी हैं।
फिल्म ‘भारत’ के बाद क्या बदला? इस सवाल के जवाब में वह कहते हैं, ‘मेरे काम की काफी प्रशंसा हुई, लेकिन जब लड़कियां महिलाएं प्रशंसा करती हैं, तो वह हमेशा ही खास होता है। महिलाओं से तवज्जो मिल रही है, लेकिन मैं इस तरह की प्रशंसा का आदी नहीं हूं।’
उन्होंने बताया कि अब तक की उनकी सबसे अच्छी तारीफ एक पंजाबी बुजुर्ग महिला ने की। वह महिला एक दिन मेरे पास आईं और बोलीं, बेटा, तू तो बड़ा सोणा मुंडा है। वह मेरे लिए खास था।’
छोटे पर्दे पर अपने मनोरंजक अंदाज और किरदारों से लोगों को लोटपोट करने वाले ग्रोवर टाइगर श्रॉफ के साथ फिल्म ‘बागी’ (2016) और निर्देशक विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘पटाखा’ (2018) में काम कर चुके हैं।
टीवी पर कॉमेडी के बाद, किस हद तक अपनी पहचान इंडस्ट्री में बनाने में कामयाब हुए हैं? ग्रोवर कहते हैं, ‘मैं एक सफर पर हूं, जहां अभी मुझे कई चीजें और खोजनी हैं। मुझे फिल्मों में अलग-अलग किरदार निभाना पसंद है। मेरी इस यात्रा की शुरुआत काफी अच्छी हुई है। मुझे अभी और कई किरदार करने हैं, चाहे वो साधारण हों या जटिल।’

