कोई इनसान आगे चलकर डायबिटीज का शिकार होगा या नहीं, इसका संकेत बचपन में ही मिलने लगता है। ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी के हालिया शोध में यह दावा किया गया है। शोधकर्ताओं के मुताबिक आठ वर्ष से कम उम्र के बच्चों में 50 साल पहले ही डायबिटीज के भावी खतरे की ओर आगाह करने वाले लक्षण पनपने लगते हैं। उन्होंने चार हजार बच्चों की जेनेटिक संरचना का विश्लेषण किया। साथ ही खून में पाए जाने वाले कुछ सूक्ष्म अणुओं को जांचा। इस दौरान पाया कि बच्चों में आठ साल की उम्र से ही गुड कोलेस्ट्रॉल के स्तर में कमी आने लगती है। किशोरावस्था में पहुंचते-पहुंचते उनमें अमीनो एसिड के स्तर में इजाफा होने लगता है। ये लक्षण डायबिटीज के प्रति आगाह करते हैं।

