नई दिल्ली: भारतीय सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने एकबार फिर पाकिस्तान पर हमला बोला है। कारगिल युद्ध के एक सवाल पर बोलते हुए जनरल बिपिन रावत ने पाकिस्तान को लेकर बात की। दरअसल जनरल बिपिन रावत से जब पूछा गया कि क्या पाकिस्तान फिर से कारगिल दोहराने की कोशिश कर सकता है ? तो इस सवाल के जवाब में जनरल बिपिन रावत ने कहा, ‘ अब ऐसा कोई भी क्षेत्र नहीं है जिसे निर्वासित छोड़ दिया गया हो। मुझे नहीं लगता कि पाकिस्तान फिर से ऐसा करने की हिम्मत करेगा क्योंकि उसने पिछली बार ऐसा करने पर परिणाम देखा है।’
‘कारगिल विजय दिवस’ की तैयारी
26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के 20 साल पूरे हो रहे हैं। 26 जुलाई सन् 1999 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान के खिलाफ कारगिल युद्ध में जीत हासिल की थी। जिस कारण हर साल 26 जुलाई को ‘कारगिल विजय दिवस’ मनाया जाता है। करीब 3 महीने तक चला कारगिल युद्ध आखिरकार 3 मई 1999 को शुरू हुआ था और इसका अंत 26 जुलाई 1999 को हुआ था। इस युद्ध में भारतीय सेना के कुल 527 सैनिक शहीद हुए थे और 1363 जवान घायल हुए थे। इस युद्ध को हर भारतवासी गर्व के साथ हर साल याद करता है। इस साल भी 26 जुलाई को पूरा देश कारगिल विजय दिवस मनाएगा।
आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत की हुंकार, ‘कारगिल दोहराने की हिम्मत पाकिस्तान नहीं करेगा’

