नई दिल्ली:आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच लोकसभा चुनाव में संभावित गठबंधन को लेकर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का बड़ा बयान आया है। शीला दीक्षित ने कहा है कि इस मामले में हाईकमांड जो कुछ भी तय करेगा। वह उन्हें मंजूर होगा।
बता दें कि लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली में ‘आप’-कांग्रेस के बीच गठबंधन की अटकलें फिर तेज हो गई हैं। दोनों दलों के कई कद्दावर नेता गठबंधन के पक्ष में हैं। सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों के नेताओं के बीच महागठबंधन को लेकर बात भी हुई है। कुछ ‘आप’ विधायक भी इस ओर प्रयास कर रहे हैं।
दिल्ली में एक-दूसरे के धुर विरोधी रहे कांग्रेस और ‘आप’ मिलकर चुनाव लड़ सकते हैं। पूरे देश में महागठबंधन की कवायदों के बीच दिल्ली में भी दोनों दलों के कुछ नेता सक्रिय हुए हैं। महागठबंधन के राष्ट्रीय स्तर पर सूत्रधार कुछ नेताओं का भी मानना है कि भाजपा के खिलाफ दिल्ली में मिलकर लड़ना होगा। तर्क दिया जा रहा है कि बड़े लक्ष्य के लिए आपसी दूरी कम करनी होगी।
बीते दिनों विपक्ष की एकजुट बैठक हुई थी। इससे पहले दिल्ली में किसानों के मार्च के मौके पर पहली बार मुख्यमंत्री केजरीवाल और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एक मंच पर आए थे। ‘आप’ नेताओं ने तीन राज्यों में कांग्रेस की जीत पर हर्ष भी जताया। ‘आप’ के कुछ विधायकों का मानना है कि लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ना चाहिए।

