नई दिल्ली:आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2020 की मेजबाजी ऑस्ट्रेलिया कर रहा है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 21 फरवरी को होगी और फाइनल मैच 8 मार्च को खेला जाएगा। फाइनल मैच ऑस्ट्रेलिया के एमसीजी क्रिकेट मैदान पर खेला जाएगा, जहां दर्शकों की क्षमता एक लाख है। दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने आगामी आईसीसी वुमंस टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में अधिक से अधिक दर्शकों के शामिल होने के लिए अनरोध किया है, ताकि मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर महिलाओं के किसी टूर्नामेंट में दर्शकों का नया रिकॉर्ड बन सके।
सचिन तेंदुलकर ने आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2020 को सफल बनाने के लिए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- खेलों से ज्यादा रोमांचकारी कुछ नहीं है। महिला टी-20 वर्ल्ड कप जल्द ही शुरु होने वाला। फाइनल मैच एमसीजी पर खेला जाएगा। अधिक से अधिक संख्या में स्टेडियम पहुंचकर इसे यादगार बनाइए।
यदि यह स्टेडियम पूरा भरा होता है तो वुमंस स्पोर्ट्स के किसी भी ईवेंट में यह सबसे ज्यादा दर्शकों की उपस्थिति होगी। इसके पहल 1999 के फीफा वुमंस वर्ल्ड कप के फाइनल में, पसाडना, कैलिफोर्निया में 90,185 दर्शकों की संख्या थी। अमेरिकन पॉप स्टार कैटी पैरी ने भी यह घोषणा की है कि वह फाइनल में एमसीजी ग्राउंड पर परफॉर्म करेंगी।
वहीं, ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मेग लेनिंग ने कहा है कि आगामी टी-20 विश्व कप महिलाओं से जुड़े खेलों के लिए एक टर्निंग प्वॉइंट साबित हो सकता है। लेनिंग की अगुवाई में ऑस्ट्रेलियाई टीम 21 फरवरी से सिडनी में शुरू में हो रहे आगामी आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप में अपना खिताब बचाने उतरेगी।
आईसीसी ने लेनिंग के हवाले से कहा, “यह टूर्नामेंट महिला खेलों के लिए दुनिया में एक टर्निंग प्वॉइंट साबित हो सकता है। यह वास्तव में एक बड़ा टूर्नामेंट है और इसके बारे में काफी बातें की जा चुकी है। इसलिए मुझे उम्मीद है कि हर कोई इसमें अच्छा करना चाहेंगी।”
अब तक 94 टी-20 मैचों में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने वाली लेनिंग ने कहा है कि मेजबान होने के नाते उनके ऊपर कोई अतिरिक्त दबाव नहीं है। 27 साल की लेनिंग ने कहा, “विश्व कप में किसी भी टीम के लिए दबाव और उम्मीदें ज्यादा होती है और मेजबान होने के नाते हमारे लिए या किसी अन्य टीमों के लिए कोई ज्यादा फर्क नहीं पड़ता है।”
उन्होंने कहा, “हम यह सुनिश्वित करना चाहते हैं कि हम इसका आनंद लें। हम चाहते हैं कि हमारा ध्यान केवल टूर्नामेंट पर हो, इसलिए अगर हम अच्छा करते हैं तो हम खुद को अच्छी स्थिति में पाएंगे।” ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम को टी-20 विश्व कप में अपना पहला मैच 21 फरवरी को सिडनी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलना है।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप को लेकर सचिन तेंदुलकर ने फैन्स से की अपील

