नई दिल्ली:कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते हुए खतरे को देखते हुए दुनिया भर के स्पोर्ट्स इवेंट्स पर इसका असर पड़ रहा है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 29 मार्च से शुरू होना था, लेकिन इस महामारी के चलते इसे 15 अप्रैल तक स्थगित कर दिया गया है। अभी तक यह तय नहीं हो सका है कि आईपीएल के 13वें सीजन का आगाज होना कब है। इस बीच ऐसी खबरें आ रही हैं कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) अपने खिलाड़ियों पर इस बात का दबाव बना सकता है कि वो अपना आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट तोड़ दें।
आईपीएल को भले ही स्थगित किया गया हो, लेकिन सीए अभी इस पर फैसला लेगा कि खिलाड़ियों को इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेना चाहिए या नहीं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शेफील्ड शील्ड फाइनल मैच रद्द कर दिया गया, जिसके बाद न्यू साउथ वेल्स को विजेता घोषित किया गया। सीए ने इस दौरान ही आईपीएल को लेकर भी चर्चा की। फॉक्स स्पोर्ट्स के मुताबिक कोई भी खिलाड़ी अपने बोर्ड के नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) के बिना दूसरे देश की लीग में हिस्सा नहीं ले सकता है और सीए इस पर विचार कर रहा है कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों को आईपीएल खेलने के लिए भारत और फिर द हंड्रेड खेलने के लिए यूके भेजा जाए या नहीं। सीए के चीफ केविन रॉबर्ट्स ने कहा, ‘हम खिलाड़ियों को सलाह दे सकते हैं, हमें पता है कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने आईपीएल के कॉन्ट्रैक्ट खुद साइन किए हैं और जल्द ही समय आएगा जब खिलाड़ियों को यह जानकर अच्छा लगेगा कि एक लीडर के तौर पर हम उनके लिए क्या सोच रहे हैं।’
उन्होंने कहा, ‘इसके बाद हम बीसीसीआई का भी नजरिया देखेंगे कि वो आईपीएल को लेकर क्या कह रहे हैं, इसके बाद हमारे खिलाड़ी इन सब के बीच परिस्थिति को देखते हुए अपने लिए सबसे अच्छा फैसला ले सकेंगे।’
खिलाड़ियों को होगा बड़ा नुकसान
अगर सीए खिलाड़ियों को एनओसी नहीं देता है तो इसके चलते ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। पैट कमिंस, स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर, ग्लेन मैक्सवेल जैसे क्रिकेटरों को आईपीएल नहीं खेलने से भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। पैट कमिंस सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी हैं जिन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 15.5 करोड़ रुपये में खरीदा था।

