मुंबई:भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को दो सप्ताह तक निलंबित करने के बाद शनिवार को 8 फ्रेंचाइजी टीमों के मालिकों के साथ बैठक में मैचों की संख्या में कटौती करने पर चर्चा की। बीसीसीआई ने शुक्रवार को आईपीएल को 29 मार्च से 15 अप्रैल तक निलंबित कर दिया और इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल सीरीज भी स्थगित कर दी गई।
बीसीसीआई सूत्र ने बैठक के बाद कहा, ‘टीम मालिकों और बीसीसीआई के बीच बैठक के दौरान छह से सात विकल्पों पर चर्चा की गई, जिनमें आईपीएल मैचों में कटौती करना भी शामिल था।’ भारत में कोरोना वायरस के कारण अभी तक दो व्यक्तियों की मौत हो चुकी है जबकि 80 से अधिक लोग संक्रमित पाए गए। इसके बाद सरकार ने भीड़ से बचने के लिए स्पोर्ट्स इवेंट्स को दर्शकों के लिए बंद करने के निर्देश दिए। सूत्र ने इसके साथ ही पुष्टि की कि बैठक में टूर्नामेंट को विदेश में आयोजित करने पर चर्चा नहीं की गई।
कोविड-19 के कारण विश्व भर में 5000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। किंग्स इलेवन पंजाब के को-ओनर नेस वाडिया ने कहा, ‘बीसीसीआई, आईपीएल और (आधिकारिक प्रसारक) स्टार (स्पोर्ट्स) ने स्पष्ट किया कि हम वित्तीय नुकसान के बारे में नहीं सोच रहे हैं।’ वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के को-ओनर शाहरुख खान ने भी इस बैठक के बाद अपनी बात रखी।
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने कहा कि वो उम्मीद करते हैं कि कोविड-19 (कोरोना वायरस) महामारी के मामलों में कमी होगी और स्थगित आईपीएल जरूरी स्वास्थ्य संबंधित ऐहतियात के साथ आगे बढ़ेगा। बीसीसीआई ने 29 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल को 15 अप्रैल तक निलंबित कर दिया था, हालांकि अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि आईपीएल का 13वां सीजन शुरू कब से होगा। शाहरुख खान ने इस मीटिंग के बाद ट्वीट किया, ‘सभी फ्रेंचाइजी टीमों के मालिकों से मैदान के बाहर मिलकर अच्छा लगा। बीसीसीआई और आईपीएल के बीच बैठक में भी वही बात दोहराई गई जैसा कि हम सभी महसूस करते हैं कि दर्शकों, खिलाड़ी प्रबंधन और हम जहां खेलते हैं, उन शहरों की सुरक्षा सबसे अहम है। स्वास्थ्य एजेंसियों और सरकार के सभी दिशानिर्देशों का पालन किया जाएगा।’

