मुंबई। शांतिदूत आचार्य श्री महाश्रमण जी की विदुषी शिष्या शासनश्री साध्वी श्री विद्यावती जी द्वितीय ठाणा 5 का एवं साध्वी श्री राकेशकुमारी जी ठाणा 3 का दादर तेरापंथ भवन में आध्यात्मिक मिलन हुआ। साध्वी श्री राकेशकुमारी जी कालबादेवी से विहार कर भायखला होते हुए दादर पधारी। दादर में पहले से प्रवासित साध्वी श्री विद्यावती जी आदि साध्वियों ने मेहमान साथियों की हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ अगवानी की।
संक्षिप्त रूप में आयोजित मिलन के कार्यक्रम में शासनश्री साध्वी श्री विद्यावती जी ने स्वागत करते हुए कहा- तेरापंथ शासन दुनिया का लाजवाब शासन है। संघ के साधु-साध्वियां मिलते हैं तो अत्यधिक आनंद की अनुभूति होती है। आज ऐसा लग रहा है दो नदियों का मिलन हो रहा है। लगभग 25 वर्षों के बाद आज साध्वी राकेशकुमारी जी से मिलना हुआ है। दिल से दिल का मिलन हुआ है। मैं इस अवसर पर इनके अग्रिम चातुर्मास की सफलता की मंगल कामना करती हूं।
साध्वी श्री राकेशकुमारी जी ने खुशियों का रंग बरसाते हुए कहा आज लंबे इंतजार के बाद साध्वी श्री जी से मिलकर मुझे बेहद हर्ष हो रहा है। इस हर्ष के कारण मेरे पांव धरती पर नहीं टिक रहे हैं। मुंबई महानगर में मिलन का योग मिला इसका सारा श्रेय गुरुदेव की कृपा का है।
साध्वी प्रियवंदा जी, साध्वी प्रेरणाश्री जी, साध्वी मृदुयशा जी, साध्वी रिद्धियशा जी ने सामूहिक गीत की सुंदर प्रस्तुति कर आगंतुक साध्वियों का स्वागत किया। साध्वी श्री मलयविभा जी एवं साध्वी श्री विपुलयशा जी ने साध्वी श्री राकेशकुमारी जी के साथ समवेत स्वरों में गीत प्रस्तुत कर उल्लास प्रकट किया।
स्थानीय तेरापंथ सभा के अध्यक्ष गणपतलालजी मारू, तेयुप अध्यक्ष पंकज चोपड़ा, महिला मंडल की संयोजिका रंजना कोठारी, कालबादेवी तेयुप अध्यक्ष पवन बोलया, अभातेयुप कर्मठ कार्यकर्ता देवेंद्र डागलिया आदि महानुभावों ने अपने विचारों को प्रस्तुत करते हुए अभिनंदन किया एवं मंगल कामना अभिव्यक्त की। मिलन का यह अनुपम दृश्य देख सब भावविभोर हो गए। कार्यक्रम का कुशल संचालन साध्वी श्री प्रियंवदाजी ने किया।
यह जानकारी दादर सभा के प्रचार मंत्री पंकज कोठारी ने दी।
दादर, मुंबई- आध्यात्मिक मिलन से बरसी खुशियों की आध्यात्मिक गुलाल
![](https://surabhisaloni.co.in/wp-content/uploads/2021/06/Dadar-14-06-1.jpg)
Leave a comment
Leave a comment