मुंबई:सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद से नेपोटिज्म को लेकर बड़ी बहस चल रही है। सोनू निगम ने कुछ दिनों पहले म्यूजिक इंडस्ट्री के माफिया को लेकर वीडियो शेयर किया था। उन्होंने भूषण कुमार पर कई आरोप लगाए थे। सोनू निगम के आरोपों पर भूषण कुमार की पत्नी दिव्या खोसला कुमार ने एक वीडियो शेयर कर सोनू की हर बातों का जवाब दिया है।
वीडियो के शुरू होते ही दिव्या कहती हैं, ‘कुछ दिनों से सोनू निगम जी टी सीरीज और भूषण कुमार के खिलाफ कैंपेन चला रहे हैं। मैं बता दूं कि टी सीरीज ने कई नए लोगों को मौका दिया है जिसमें एक्टर्स, गायक, संगीतकार, डायरेक्टर शामिल हैं। मैंने खुद अपनी फिल्म यारियां में 10 नए लोगों को चांस दिया था जिसमें 4 लोग नेहा कक्कड़, हिमांश कोहली, रकुल प्रीत और कंपोजर आरको आज बड़े स्टार हैं।’
सोनू निगम जी से मैं पूछना चाहती हूं कि आप तो बहुत बड़े कलाकार हैं तो आपने कितनो लोगों की मदद की है। आप तो कभी टी सीरीज में नहीं आए कि इस न्यूकमर के पास टैलेंट है आप इन्हें लॉन्च कीजिए। कैमरे के पीछे बोलना बहुत आसान है, लेकिन आपने कितने टैलेंट को इंडस्ट्री में चांस दिया जबकि टी सीरीज में 97 प्रतिशत लोग जो काम कर रहे हैं, वो आउटसाइडर थे। हम सभी को चांस देते हैं।
दूसरी बात जो आपने वीडियो में बोली कि भूषण जी आपके पास आए और उन्होंने आपसे कहा कि भाई प्लीज मुझे बाला साहब ठाकरे, स्मिता ठाकरे से मिलवा दीजिए। अब मैं आप सब को बता दूं कि सोनू निगम खुद दिल्ली की रामलीला में 5 रुपये के लिए गाना गाते थे। वहां से गुलशन कुमार जी ने इन्हें स्पॉट किया, इन्हें मुंबई की फ्लाइट की टिकट दी और इनसे कहा कि मैं तुम्हें बहुत बड़ा स्टार बनाऊंगा। बताइए सोनू निगम जी आपसे ये बात कही गई थी या नहीं। गुलशन जी ने आपको इतने ऊंचे मुकाम पर पहुंचाया और आपने क्या किया।
दिव्या ने फिर अपने कुक को वीडियो के बीच में बुलाया और सोनू के बारे में बताने को कहा। कुक कहता है, ‘गुलशन जी, सोनू निगम को लेकर आए थे। तब सोनू निगम के पास कुछ नहीं था। साहब ने उन्हें बहुत काम दिया था और आज सोनू जी जो भी हैं वह गुलशन जी की वजह से हैं’।
दिव्या ने गुलशन कुमार के निधन के समय के बारे में बताते हुए कहा, ‘जब गुलशन जी का निधन हो गया तो सोनू जी दूसरी म्यूजिक कंपनी के साथ जाकर जुड़ गए। इसके बाद भूषण ने जाकर इनसे मदद मांगी कि प्लीज मेरे लिए दिवाना एल्बम कर दीजिए। तब इन्होंने एल्बम की और इसका भी एहसान दिखाया।
दिव्या ने आगे कहा, सोनू जी ने अपने वीडियो में कहा कि भूषण जी इनके पास आए और कहा कि प्लीज मुझे अबू सलेम से बचा लो। अब मैं आपसे ये पूछना चाहती हूं सोनू निगम जी कि अबू सलेम से बचने के लिए वह आपके पास मदद मांगने क्यों आए। प्लीज इस बात की तहकीकात की जाए कि क्या सोनू निगम के अबू सलेम से रिश्ते थे?
सोनू जी ने कहा कि भूषण पर एक लड़की ने मीटू का आरोप लगाया, लेकिन माफिया ने ये बात दबा ली। मैं आपको एक बात बताना चाहती हूं कि सोनू निगम जी की मीटू मूवमेंट एक अच्छा मूवमेंट था जिसके जरिए सोसाइटी के बुरे लोगों का सफाया हो सके। लेकिन इस मूवमेंट का लोगों ने बहुत गलत फायदा उठाया ब्लैकमेल करने के लिए। पुलिस ने तहकीकात की और सब क्लीयर हो गया कि वो सिर्फ ब्लैकमेल का केस था। पुलिस ने हमसे पूछा था कि क्या आपको मानहानि का केस करना है, लेकिन हमने मना कर दिया। हमने ये सब करने से इसलिए मना किया क्योंकि हम किसी लड़की के बारे में मीडिया में कुछ भी नहीं कहना चाहते थे।
दिव्या आगे कहती हैं, सोनू निगम जी आप बताएंगे कि मीटू मूवमेंट क्या होता है। मैं लगाऊं आप पर मीटू आरोप? मैं बोलूं आप मीटू रेपिस्ट हैं, तो क्या हो जाएंगे आप मीटू रेपिस्ट।
आप वीडियो में जो बोलते हैं सोच समझकर बोलिए। आपके उस वीडियो के बाद कई लड़कियां हमें फोन करके बोल रही हैं कि या तो आप हमें काम दें नहीं तो हम आप पर ये आरोप लगा देंगे। सिर्फ लड़कियां ही क्यों कई सिंगर्ल हमें ब्लैकमेल कर रहे हैं।
दिव्या आखिर में कहती हैं मुझे ये वीडियो नहीं बनाना था। भूषण जी ने मुझे मना किया था, लेकिन मुझे बनाना पड़ा क्योंकि आपके वीडियो के बाद मुझे मेरे पति, मेरे बच्चे को मारने की धमकी मिल रही है। इतना ही नहीं, मुझे रेप की धमकी भी मिल रही है।

