नई दिल्ली:एलएसी पर बनी समझ को तोड़ने के लिए चीन भारत के खिलाफ प्रोपेगैंडा वार का इस्तेमाल कर रहा है। चीन की हरकत का जमीन पर जवाब देने के अलावा उसकी सीमा पर धारणा (परसेप्शन) बदलने की रणनीति को भी काउंटर करने के लिए भारत तैयार है। सूत्रों ने कहा कि भारत सीमा पर धारणा बदलकर जमीन हथियाने की चीन की कोशिश से सजग है और उसी सतर्कता से गलवान में चीन का प्रयास विफल किया गया। अन्य इलाकों पर भी भारत की नजर बनी हुई है जहां गतिरोध चल रहा है।
कूटनीतिक स्तर पर बातचीत में उन सभी बिंदुओ पर गतिरोध खत्म करने पर बात हो रही है जहां चीन ने बनी आपसी समझ को तोड़ा है। सूत्रों ने दावा किया कि गलवान में जहां हिंसक झड़प हुई है उस जगह की ताजा सेटेलाइट इमेज में किसी चीनी ढांचे की मौजूदगी नहीं है। लेकिन आसपास के इलाकों में चीनी सेना का मूवमेंट बना हुआ है। भारत चाहता है कि इस इलाके से पूरी तरह से चीन पीछे हटे। क्योंकि पेट्रोल पॉइंट पर कोई ढांचा न बनाने की सहमति रही है।
वहीं पेंगोंग त्सो के फिंगर – 4 का इलाका जो रणनीतिक रूप से और भी संवेदनशील है वहां चीनी सेना की मौजूदगी को लेकर भी विवाद बना हुआ है। हॉट स्प्रिंग के इलाके को लेकर भी मतभेद बरकरार है।
सूत्रों ने कहा,तकनीकी रूप से एलएसी को लेकर भारत और चीन की अलग अलग समझ है। लेकिन भारत का मानना है कि समझ के मुताबिक जिस तरह से दोनो पक्ष पेट्रोलिंग करते रहे हैं उसे तोड़कर कोई ढांचा नही बनना चाहिए। चीन ने कई पॉइंट पर ढांचा बनाने का प्रयास किया इसकी वजह से ही विवाद हुआ है। अभी भी ये विवाद पूरी तरह खत्म नही हुआ है। सूत्रों ने कहा प्रधानमंत्री का शुक्रवार को दिया गया बयान गलवान घाटी के संदर्भ में था वहां चीनी प्रयास विफल किया गया। लेकिन सभी विवाद के बिंदुओ पर भारत का ध्यान बना हुआ है।
गलवान घाटी को बार-बार अपना बताने की चीन की कोशिश को भी सूत्र उसकी धारणा बदलने और अन्य इलाकों से ध्यान बंटाने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं। सूत्रों ने कहा, भारत किसी भी स्तर पर नहीं झुकेगा। लेकिन हम चीन के ट्रैप में नहीं उलझेंगे। सूत्रों ने कहा, कि 15 जून की घटना के बाद भारतीय पक्ष बहुत सतर्क है, लेकिन भारत का मानना है कि बातचीत के जरिये मामला सुलझता है तो उस विकल्प को इस्तेमाल करने से परहेज नही किया जाना चाहिए।

