कोलंबो:श्रीलंका के टी-20 कप्तान और अनुभवी तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को 22 जून से कैंडी में शुरू हो रही टीम की दूसरी रिहायशी अभ्यास शिविर के लिए 24 सदस्यीय टीम से बाहर कर दिया गया है। श्रीलंका क्रिकेट ने गुरुवार को एक बयान में कहा, “राष्ट्रीय टीम के पुरुष खिलाड़ी 22 जून से अपने दूसरी रिहायशी अभ्यास शिविर की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वे स्वास्थ्य संबंधी दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन करेंगे। 10 दिवसीय इस अभ्यास शिविर में 24 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह शिविर पल्लेकेले स्टेडियम में शुरू होगी।”
टीम के मुख्य कोच मिकी आर्थर ने कहा, “अगले शिविर की तैयारियां इस तरह से की गई है कि कोविड-19 महामारी के बाद श्रीलंका सबसे अच्छी तैयारी वाली अंतरराष्ट्रीय टीम हो और कभी भी खेलने के लिए तैयार रहे।”
1 जून से शुरू हो चुकी है टीम की प्रैक्टिस
वहीं, श्रीलंका क्रिकेट टीम ने एक जून से मैदान पर प्रैक्टिस की शुरआत कर दी है। एक होटल में कड़े सुरक्षा उपायों के बीच श्रीलंका के 13 खिलाड़ियों ने अभ्यास शुरू किया। उनका यह अभ्यास शिविर 12 दिन तक चलेगा, जिसमें फिटनेस ड्रिल के साथ मैदानी अभ्यास भी शामिल है।
कोविड-19 महामारी के कारण श्रीलंका में मार्च से क्रिकेट ठप्प पड़ा हुआ है। तब इंग्लैंड की टीम दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए श्रीलंका दौरे पर आई थी, लेकिन वह दौरे के शुरू में ही स्वदेश लौट गई थी। यह सीरीज अब अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है।
शिविर के लिए 24 सदस्यीय टीम :
दिमुथ करुणारत्ने, दिनेश चांदीमल, लाहिरू तिरिमन्ने, एंजेलो मैथ्यूज, तिसारा परेरा, धनुष्का गुणतिल्का, कुसल जेनिथ परेरा, दिलरूवान परेरा, सुरंगा लकमल, धनंजय डीसिल्वा, निरोशन डिकवेला, दासुन शनाका, विश्वा फर्नांडो, कासुन रंजीता, लाहिरू कुमारा, नुवान प्रदीप, इसुरू उदाना, वानिंडु हसारनागा, लक्षण संदाकन, लसिथ ई, ओशाडा फर्नांडो, अविष्का फर्नांडो, कुसल मेंडिस और भानुका राजपक्षे।
भारत-श्रीलंका सीरीज स्थगित
बता दें कि इससे पहले श्रीलंका और भारत के साथ जून में प्रस्तावित सीमित ओवरों की सीरीज कोरोना वायरस के कारण स्थगित कर दी गई है, लेकिन श्रीलंका क्रिकेट को अभी भी उम्मीद है कि यह सीरीज अगस्त में खेली जाएगी, क्योंकि बीसीसीआई भविष्य दौरा कार्यक्रम को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बीसीसीआई ने श्रीलंका क्रिकेट को बताया है कि कोविड 19 महामारी की वजह से मौजूदा हालात में ये क्रिकेट सीरीज करना संभव नहीं है, जिसमें तीन मैचों की वनडे और इतने ही मैचों की टी -20 सीरीज खेली जानी थी।
25 जून ने श्रीलंका में क्रिकेट की वापसी
दूसरी तरफ कोविड-19 महामारी के खतरे के बीच खेल की वापसी भी होने लगी है। इस बीच श्रीलंका में भी क्रिकेट की वापसी होने जा रही है। कोविड-19 महामारी का असर कम होने पर श्रीलंका में 25 जून से 12 दिनों की पीडीसी टी-10 लीग खेली जानी है। इस लीग में श्रीलंका के कुछ टॉप क्रिकेटर्स भी हिस्सा लेंगे।

