वॉशिंगटन:पूर्वी लद्दाख के गलवान घाटी में भारत-चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प के बाद अमेरिका ने कहा है कि वह पूरे हालात पर करीब से नजर बनाए हुए है। अमेरिका ने हिंसक झड़प में शहीद हुए भारत के 20 जवानों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, ‘हम वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के साथ भारतीय और चीनी जवानों के बीच मौजूदा हालात पर करीब से नजर बनाए हुए हैं। भारतीय सेना ने बताया है कि घटना में उनके 20 जवानों की शहादत हुई है। हम शहीद जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘भारत और चीन दोनों ने डी-एस्केलेट करने की इच्छा प्रकट की है और हम वर्तमान स्थिति के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करते हैं। दो जून को टेलिफोन के जरिए बातचीत के दौरान, राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी ने भारत-चीन सीमा पर स्थिति पर चर्चा की थी।’
बता दें कि गलवान घाटी में भारत और चीनी सैनिकों के बीच पिछले एक माह से चल रहे टकराव ने सोमवार देर रात हिंसक रूप ले लिया था। एलएसी पर चीन के साथ झड़प में भारत के कमांडिंग अधिकारी (कर्नल) समेत 20 जवान शहीद हो गए। वहीं, समाचार एजेंसी एएनआई ने दावा किया कि जवाबी कार्रवाई में 43 चीनी सैनिक मारे गए और कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पीछे हटने के दौरान हुई घटना
सेना ने बयान में कहा कि भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच गलवान इलाके में 15-16 जून की रात झड़प हुई थी। इसमें दोनों ओर के सैनिक हताहत हुए हैं। झड़प जवानों के अपनी-अपनी जगहों से पीछे हटने के दौरान हुई।

