राजकुमार गौतम/बस्ती। मेडिकल कॉलेज बस्ती में भर्ती तीन संदिग्धों की मौत से हड़कंप मच गया। तीनों मृतकों में एक महिला, एक पुरुष और एक पांच वर्षीय मासूम था ये तीनों संतकबीर नगर के निवासी बताए जा रहे हैं स्वाब सैंपल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया है।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस एवं कोरोना कोआर्डिनेटर डॉ. जीएम शुक्ला के मुताबिक पंजाब से लौटा खुशीलाल (45) निवासी मैगवा महुली को सांस लेने और दिल में दर्द की शिकायत पर 23 मई की रात में भर्ती किया गया था। मुंबई से लौटी सविता देवी (30) निवासी बखीरा को सांस लेने में दिक्कत होने पर 24 मई की रात एडमिट किया गया था।
आइसोलेशन वार्ड में भर्ती दोनों मरीज बेहतर हाल में थे। रविवार की रात करीब नौ बजे खुशीलाल ने दम तोड़ दिया तो सविता देवी वार्ड में ही चक्कर खाकर गिर पड़ी और दोबारा फिर उठ न सकी। दोनों के शव का स्वाब सैंपल लेकर मोर्चरी में रख दिया गया है।
पांच वर्षीय बाबी देवल निवासी बखिरा की अभी कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं मिली है। तबीयत खराब होने पर जिला अस्पताल से बस्ती के लिए रेफर कर दिया गया था, 24 मई को वह एडमिट हुआ। तबीयत ठीक होने पर परिजन 25 मई की सुबह जबरन लेकर घर जाने लगे। मेन गेट पर पहुंचे ही थे कि मासूम की मौत हो गई।
बस्ती मेडिकल कॉलेज में तीन कोरोना संदिग्धों की मौत से हड़कंप

