नई दिल्ली:लिमिटेड ओवर फॉर्मैट में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम ने हाल में वीडियो प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया था। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने हाल में सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट घोषित किया था और साथ ही बाबर आजम को वनडे इंटरनैशनल टीम की कप्तानी भी सौंप दी थी। बाबर पहले ही टी20 इंटरनैशनल टीम के कप्तान हैं। बाबर आजम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में विराट कोहली से तुलना और इंग्लिश सीखने को लेकर बयान दिए थे, जिसको लेकर पूर्व कप्तान राशिद लतीफ और पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर काफी निराश हैं।
शोएब अख्तर और राशिद लतीफ ने कहा, ‘पाकिस्तान के बल्लेबाज की पत्रकारों के साथ तालमेल में दूरदर्शिता की कमी थी।’ राशिद लतीफ ने कहा, ‘जब एक कप्तान प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैठता है तो वो अपना विजन सामने रखता है, लेकिन वो इसमें पूरी तरह से मात खा गए। हमारे कप्तान ने इंग्लिश को लेकर हेडलाइन दी। इसके साथ उन्होंने विराट कोहली के साथ तुलना पर जो बात कही, वह हम सब पहले से जानते हैं।’
उन्होंने क्रिकेट पाकिस्तान से बात करते हुए कहा, ‘बाबर को दी गई स्क्रिप्ट को फॉलो करने के बजाय एक मजबूत बयान देना चाहिए था। आपने पहले ही दिखा दिया है कि आपका मानसिक दृष्टिकोण और अप्रोच बहुत बेहतर नहीं है।’ वहीं शोएब अख्तर ने कहा कि बाबर को अपने कम्युनिकेशन स्किल्स को और बेहतर करने की जरूरत है। इसके साथ ही कहा कि उन्हें पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और मौजूदा प्रधानमंत्री इमरान खान से नोट्स लेने चाहिए।

