मुंबई:नवाजुद्दीन सिद्दीकी की फिल्म घूमकेतु काफी लंबे समय से चर्चा में हैं। अब फिल्म से नवाजुद्दीन का फर्स्ट लुक जारी कर दिया है। इसमें वह एक अलग ही अंदाज में नजर आ रहे हैं। इस फिल्म को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर 22 मई को रिलीज करने का फैसला लिया गया है।
फिल्म घूमकेतु में नवाजुद्दीन के अलावा ईला अरुण, अनुराग कश्यप, रघुबीर यादव, स्वानंद किरकिरे और रागिनी खन्ना जैसे सितारों ने काम किया है। यह एक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है, जिसमें नवाजुद्दीन एक राइटर की भूमिका निभा रहे हैं। यह राइटर मुंबई में कामयाबी पाने के लिए संघर्ष कर रहा है। वहीं, अनुराग कश्यप पुलिस ऑफिसर के रोल में हैं। फिल्म का निर्देशन पुष्पेन्द्र नाथ मिश्रा ने किया है।
इस फिल्म की खास बात यह है कि इसमें लीड स्टारकास्ट के अलावा अमिताभ बच्चन, रणवीर सिंह, सोनाक्षी सिन्हा, चित्रांगदा सिंह, लॉरेन गोटलिब और फिल्मकार निखिल आडवाणी स्पेशल अपीयरेंस में नजर आने वाले हैं। एक इंटरव्यू के दौरान नवाजुद्दीन ने फिल्म को लेकर कई बातें बताई थीं।
उन्होंने कहा था, ‘घूमकेतु एक मजेदार और पहले कभी ना देखा गया किरदार है। मुझे इस रोल को निभाने में बहुत मजा आया। अनुराग ज्यादातर कैमरे के पीछे रहते हैं, इस बार उन्होंने मेरे साथ स्क्रीन शेयर किया है।बतौर एक्टर उनके साथ काम करना एक जबरदस्त अनुभव रहा।’

